हरियाणा में हिसार जिले के इस गांव में बनेगा मल्टीपरपज कुश्ती हॉल, 5.32 करोड़ रुपये की आएगी लागत

 | 
हरियाणा में हिसार जिले के इस गांव में बनेगा मल्टीपरपज कुश्ती हॉल, 5.32 करोड़ रुपये की आएगी लागत 

Udaipur Times, Haryana News : हरियाणा के लोक निर्माण एवं जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री रणबीर गंगवा ने रविवार को गांव खरड़ अलीपुर में मल्टीपरपज कुश्ती हॉल की आधारशिला रखी। इस परियोजना पर करीब 5.32 करोड़ रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की गई है। अपने संबोधन में कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में खेल सुविधाओं को मजबूत करना सरकार की प्राथमिकता है। मल्टीपरपज कुश्ती हॉल बनने से क्षेत्र के खिलाड़ियों को बेहतर अभ्यास एवं खेल सुविधाएं मिलेंगी तथा युवाओं को कुश्ती सहित अन्य खेलों में आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में खेल अधोसंरचना विकसित करने के साथ-साथ युवाओं को खेलों से जोड़ने के लिए लगातार कार्य कर रही है। परियोजना के तहत मल्टीपरपज हॉल, कार्यालय क्षेत्र, खिलाड़ियों के लिए शौचालय, स्टोर रूम, कर्मचारियों एवं आमजन के लिए पार्किंग स्थलों तथा चारदीवारी का निर्माण किया जाएगा।

कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा ने कहा कि हरियाणा की खेल नीति सबसे अच्छी नीति है, जिसके चलते ओलंपिक और कॉमनवेल्थ जैसे खेलों में प्रदेश के खिलाड़ियों ने सबसे अधिक पदक जीते है। खेल सुविधाओं के साथ वित्तीय सहायता भी दी जाती है। पदक जीतने पर कैश अवार्ड भी सबसे अधिक हमारे प्रदेश में दिया जाता है। साथ ही खिलाड़ियों को योग्यता के अनुरूप नौकरी भी दी जाती है। उन्होंने घोषणा करते हुए कहा कि गांव खरड़ और अलीपुर की फिरनी निर्माण कार्य मंजूर कर लिया गया है, जिसपर जल्द ही कार्य आरंभ होगा। एससी चौपाल के लिए भी और पैसे भिजवा दिए जाएंगे ताकि सभी निर्माण कार्य जल्दी पूर्ण हो। उन्होंने कहा कि गांव खरड़ और अलीपुर के सरपंचों ने विकास कार्यों को लेकर जो भी मांगे उनके समक्ष रखी है, जल्द ही उन्हें पूरा करने की दिशा में कदम उठाए जाएंगे। कैबिनेट मंत्री ने कहा कि वंचित वर्ग के उत्थान की दिशा में सरकार द्वारा निरंतर कार्य किये जा रहे हैं। लाडो लक्ष्मी योजना का दायरा बढ़ाया गया है। अगले माह से 1 लाख 80 हज़ार आय वर्ग वाले परिवारों को भी योजना का लाभ मिलेगा। युवाओं को मेरिट के आधार पर नौकरियां दी जा रही है। नौकरियों में पारदर्शिता के चलते युवाओं में सरकार के प्रति विश्वास बढ़ा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में नया भारत विश्वास के साथ आगे बढ़ रहा है। वर्ष 2047 तक विकसित राष्ट्र के स्वप्न को साकार करने की दिशा में नित नई योजनाएं व कार्यक्रम लागू किया जा रहे हैं।  

प्रजापति समाज के लाभार्थियों को मिले भूमि अधिकार प्रमाण पत्र

इस अवसर पर प्रजापति समाज के लोगों को मिट्टी कला से संबंधित कार्यों के लिए भूमि अधिकार प्रमाण पत्र भी वितरित किए गए। गांव खरड़ के 98 लाभार्थियों तथा गांव अलीपुर के 226 लाभार्थियों को भूमि अधिकार प्रमाण पत्र प्रदान किए गए हैं। कैबिनेट मंत्री ने कहा कि मिट्टी कला से जुड़े परिवारों को उनके परंपरागत कार्य के लिए भूमि अधिकार मिलने से उन्हें अपना व्यवसाय सुचारू रूप से करने में सुविधा होगी। सरकार समाज के विभिन्न वर्गों के कल्याण और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के लिए लगातार कदम उठा रही है। इस अवसर पर पूर्व चेयरमैन सतबीर वर्मा, रमेश सैनी सरपंच, सुभाष सरपंच, मदन लाल शर्मा सरपंच, मंडल अध्यक्ष मनोज कुमार, अजय कांत जांगड़ा, धर्मवीर शर्मा, हरिपाल गुज्जर, कुलबीर मलिक, एसई अजित सिहं, क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी तथा बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News