हरियाणा में यहां बनेगा 1.5KM लंबा नया फ्लाईओवर, देखें कहां-कहां से होकर गुजरेगा ?

 | 
हरियाणा में यहां बनेगा 1.5KM लंबा नया फ्लाईओवर, देखें कहां-कहां से होकर गुजरेगा ?

Udaipur Times, New Flyover : हरियाणा वासियों के लिए अच्छी खबर आई है। हरियाणा के गुरुग्राम में आरडी सिटी चौक पर प्रस्तावित फ्लाईओवर ट्रैफिक जाम से निजात दिलाएगा। मिली जानकारी के अनुसार, इसके बनने से गोल्फ कोर्स रोड और गुरुग्राम-सोहना हाईवे की तरफ आवागमन आसान हो जाएगा। गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (जीएमडीए) ने इस योजना को तैयार कर लिया है। इसे मंजूरी के लिए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के समक्ष रखने की तैयारी की जा रही है।

जानकारी के मुताबिक, जीएमडीए ने आरडी चौक पर मिलेनियम सिटी सेंटर से आरडी सिटी कॉलोनी की तरफ अंडरपास निर्माण की योजना बनाई थी। जीएमडीए के तत्कालीन सीईओ पीसी मीणा के निर्देश पर अंडरपास के साथ फ्लाईओवर की योजना तैयार की गई। अंडरपास और फ्लाईओवर को तीन-तीन लेन का तैयार किया जाएगा।

कंसल्टेंट कंपनी की तरफ से फ्लाईओवर के तैयार डिजाइन के मुताबिक, यह फ्लाईओवर गोल्फ कोर्स रोड की तरफ से पारस अस्पताल के पास से शुरू होगा, जो इस चौक के ऊपर से होता हुआ कन्हेई ट्रैफिक सिग्नल को पार करता हुआ सेक्टर-51 और सेक्टर-52 को विभाजित कर रही मुख्य सड़क पर जाकर मिलेगा। इस फ्लाईओवर की लंबाई करीब डेढ़ किमी होगी, जोकि सिंगल पिलर पर तैयार किया जाएगा।

जैसा की जीएमडीए के कार्यकारी अभियंता अमित गोदारा ने बताया की आरडी सिटी चौक पर गोल्फ कोर्स रोड पर पारस ट्रैफिक सिग्नल और गुरुग्राम-सोहना रोड की तरफ कन्हेई चौक पर ट्रैफिक सिग्नल है। यह फ्लाईओवर इन दोनों ट्रैफिक सिग्नल को पार करेगा, जिससे फ्लाईओवर से उतरने के बाद वाहन चालकों को ट्रैफिक सिग्नल पर नहीं फंसना पड़ेगा।

जानकारी के अनुसार, जीएमडीए की आरडी सिटी चौक से निकल रही दोनों मुख्य सड़कों को भविष्य में गोल्फ कोर्स रोड की तर्ज पर ट्रैफिक सिग्नल फ्री करने की योजना है। इफको चौक से लेकर गोल्फ कोर्स एक्सटेंशन रोड तक जा रही मुख्य सड़क पर मिलेनियम सिटी सेंटर चौक पर अंडरपास निर्माण की योजना को मंजूरी मिल चुकी है। अगले साल में इस अंडरपास का निर्माण शुरू हो जाएगा। इस रोड पर पड़ रहे अन्य चौराहों को भी भविष्य में ट्रैफिक सिग्नल फ्री करने की योजना है।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News