200 करोड़ से यहां तैयार होगा नया 4-लेन एलिवेटेड रोड ! सफर होगा आसान, जाने पूरा रूटमैप ?
Udaipur Times, Elevated Road : गाजियाबाद के लोगों के लिए राहत की बड़ी खबर है। शहर में जाम की समस्या को कम करने के लिए घंटाघर से भाटिया मोड़ के बीच करीब 2 किलोमीटर लंबा चार लेन का एलिवेटेड रोड बनाया जाएगा। इस परियोजना को लेकर गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (GDA) ने बड़ा कदम उठाया है।
शुक्रवार को हुई जीडीए बोर्ड की बैठक में एलिवेटेड रोड के निर्माण के लिए प्रशासनिक और वित्तीय सहमति के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी गई। अब परियोजना के लिए ऋण लेने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। इसके बाद निर्माण कार्य को आगे बढ़ाया जाएगा।
जीटी रोड के जाम से मिलेगी राहत
गाजियाबाद के बीच से गुजरने वाली जीटी रोड शहर के सबसे व्यस्त मार्गों में शामिल है। सड़क के दोनों तरफ घनी आबादी, बाजार और व्यावसायिक प्रतिष्ठान होने के कारण यहां दिनभर ट्रैफिक का दबाव बना रहता है।
इस मार्ग पर स्थानीय वाहनों के अलावा दिल्ली, बुलंदशहर और अलीगढ़ की तरफ आने-जाने वाला ट्रैफिक भी गुजरता है। ऐसे में घंटाघर से भाटिया मोड़ के बीच अक्सर जाम की स्थिति बन जाती है।
नए एलिवेटेड रोड के बनने के बाद लंबी दूरी के वाहनों को ऊपर से तेज और सिग्नल-मुक्त रास्ता मिल सकेगा। इससे नीचे की सड़क पर वाहनों का दबाव कम होने की उम्मीद है।
रु 200.23 करोड़ की आएगी लागत
इस परियोजना पर कुल 200.23 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। अर्बन चैलेंज फंड के तहत परियोजना की फंडिंग का ढांचा तैयार किया गया है।
करीब रु100 करोड़ का ऋण लिया जाएगा।
रु50.23 करोड़ जीडीए की नगरीय अवस्थापना निधि से खर्च होंगे।
बाकी 25 प्रतिशत राशि केंद्र सरकार के अर्बन चैलेंज फंड से मिलने का प्रस्ताव है।
बोर्ड से ऋण लेने की मंजूरी मिलने के बाद अब जीडीए इस दिशा में प्रक्रिया तेज करेगा।
लंबे समय से उठ रही थी एलिवेटेड रोड की मांग
घंटाघर से भाटिया मोड़ के बीच एलिवेटेड रोड बनाने की मांग लंबे समय से की जा रही थी। इस क्षेत्र में लगातार बढ़ते यातायात और सीमित सड़क क्षमता के कारण रोजाना जाम की समस्या सामने आती है।
अर्बन चैलेंज फंड के तहत परियोजना को मंजूरी मिलने के बाद अब इसे जमीन पर उतारने की तैयारी तेज हो गई है।
एलिवेटेड रोड तैयार होने के बाद जीटी रोड पर यातायात का दबाव कम होने की उम्मीद है। दिल्ली, बुलंदशहर और अलीगढ़ की ओर जाने वाले वाहनों को एक वैकल्पिक तेज मार्ग मिलेगा।
इसका फायदा सिर्फ वाहन चालकों को ही नहीं, बल्कि जीटी रोड के किनारे रहने वाले लोगों, दुकानदारों और आसपास की कॉलोनियों में रहने वाली बड़ी आबादी को भी मिलेगा। परियोजना पूरी होने के बाद शहर के इस बेहद व्यस्त हिस्से में ट्रैफिक व्यवस्था बेहतर होने और जाम से काफी हद तक राहत मिलने की उम्मीद है।
