44 गांवों की 14 हजार हेक्टेयर जमीन पर यहां बसेगा नया शहर, दिल्ली-NCR जैसी होंगी सुविधाएं

 | 
44 गांवों की 14 हजार हेक्टेयर जमीन पर यहां बसेगा नया शहर, दिल्ली-NCR जैसी होंगी सुविधाएं 

Udaipur Times, New Agra Urban Center: सरकार की ओर से दिल्ली-NCR क्षेत्र के विकास के लिए निरंतर कार्य जारी है। इन प्रयासों के अंतर्गत नोएडा और आगरा के बीच एक और नया शहर विकसित किया जाएगा। यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (YEIDA) की ओर से न्यू “आगरा अर्बन सेंटर” पर तेज गति से कार्य जारी है।

14,480 हेक्टेयर जमीन पर बसाया जाएगा शहर

“ न्यू आगरा अर्बन सेंटर” के नाम से प्रस्तावित यह नया शहर यमुना एक्सप्रेसवे के दोनों ओर बसे 44 गांवों की लगभग 14,480 हेक्टेयर जमीन पर बसाया जाएगा।  इसका आकार नोएडा से लगभग आधा होगा। इस परियोजना का उद्देश्य दिल्ली-एनसीआर में बढ़ती आबादी और औद्योगिक गतिविधियों के दबाव को कम करना है। इस परियोजना में अगरखास, अरेला, बघेना, गंगोली, खंडावली, नवलपुर, नया बांस और सेमरा जैसे गांव शामिल हैं। 

YEIDA तैयार कर रहा मास्टर प्लान 

यीडा प्राधिकरण के मास्टर प्लान 2041 के अनुसार, न्यू आगरा को तीन चरणों में विकसित किया जाएगा। इस परियोजना का उद्देश्य आधुनिक आवासीय, औद्योगिक और पर्यटन सुविधाओं से लैस एक नया स्मार्ट शहरी केंद्र बनाना है। इस योजना के मुताबिक, इस शहर में लगभग 14 लाख (1.4 मिलियन) लोग रह सकेंगे और साथ ही यहां 10 लाख से ज्यादा रोजगार के अवसर भी पैदा होंगे।

उद्योग और हरित क्षेत्र पर विशेष फोकस

प्रस्तावित शहर की करीब 25 प्रतिशत जमीन उद्योगों के लिए आरक्षित रखी जाएगी, जबकि 20 प्रतिशत भूमि आवासीय, 4 प्रतिशत व्यावसायिक और 13 प्रतिशत परिवहन सुविधाओं के लिए निर्धारित की जा सकती है। पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए 15 प्रतिशत क्षेत्र हरित पट्टी (ग्रीन बेल्ट) के लिए आरक्षित रहेगा, जबकि 7 प्रतिशत भूमि पर्यटन गतिविधियों के लिए रखी जाएगी।  ताजमहल के आसपास प्रदूषण फैलाने वाली गतिविधियों पर प्रतिबंध है, इसलिए यहां केवल ग्रीन और गैर-प्रदूषणकारी उद्योगों को बढ़ावा दिया जाएगा। 

जेवर एयरपोर्ट से मिलेगा बड़ा फायदा

विशेषज्ञों का मानना है कि नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट (जेवर) के कारण आगरा और आसपास के क्षेत्रों में व्यापार और निवेश तेजी से बढ़ेगा। ऐसे में रोजगार की तलाश में आने वाली आबादी के लिए एक नए आधुनिक शहर की जरूरत महसूस की जा रही है।

रोजगार और निवेश को मिलेगा बढ़ावा

न्यू आगरा अर्बन सेंटर के विकसित होने से क्षेत्र में उद्योग, पर्यटन, लॉजिस्टिक्स, रियल एस्टेट और सेवा क्षेत्र में बड़े पैमाने पर निवेश आने की संभावना है। इससे स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे और आगरा-जेवर कॉरिडोर उत्तर प्रदेश का नया आर्थिक विकास केंद्र बन सकता है।

पर्यटन को विशेष प्राथमिकता

आपको बता दें कि इस परियोजना में पर्यटन को विशेष प्राथमिकता दी गई है। इस क्षेत्र में लक्जरी होटल, रिसॉर्ट, कन्वेंशन सेंटर, थीम पार्क और एडवेंचर पार्क विकसित किए जाएंगे। इसके साथ ही यहां पर IT, खाद्य प्रसंस्करण, चमड़े के उत्पाद, हस्तशिल्प, स्पोर्ट्सवियर निर्माण और वेयरहाउसिंग जैसे उद्योगों के लिए भी जगह आवंटित की जाएगी।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News