ग्रेनो के लॉजिस्टिक हब से नोएडा एयरपोर्ट तक बनेगी नई एलिवेटेड रोड, जाने सरकार का नया प्लान ?

 | 
ग्रेनो के लॉजिस्टिक हब से नोएडा एयरपोर्ट तक बनेगी नई एलिवेटेड रोड, जाने सरकार का नया प्लान ?

Udaipur Times, New Delhi : ग्रेटर नोएडा में बोड़ाकी के पास प्रस्तावित मल्टीमॉडल लॉजिस्टिक हब (एमएमएलएच) को नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से सीधे जोड़ा जाएगा। इसके लिए छह लेन की एलिएवेटेड रोड बनेगी। इसमें विशेष रूप से मालवाहक वाहन चलेंगे। इससे माल ढुलाई आसान हो जाएगी और वह जाम में नहीं फंसेंगे।

ग्रेटर नोएडा में माल वाहन और यात्री आवागमन को अलग-अलग करने के लिए महायोजना-2041 में संशोधन किया जाएगा। इसका प्रस्ताव तैयार कर विस्तृत योजना बनाई गई है। सोमवार को लखनऊ में उत्तर प्रदेश के औद्योगिक विकास मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी की अध्यक्षता में हुई बैठक में प्राधिकरण के अधिकारियों ने इस योजना का प्रस्तुतिकरण दिया। बैठक में अपर मुख्य सचिव आलोक कुमार भी मौजूद रहे। 

दरअसल नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से हवाई जहाजों की उड़ान शुरू होने के बाद शहर में ट्रैफिक के बढ़ते दबाव को देखते हुए प्राधिकरण ने मास्टर प्लान में संशोधन का प्रस्ताव बनाया है। ग्रेटर नोएडा के वरिष्ठ अधिकारी के मुताबिक छह लेन की एलिएवेटेड रोड मल्टी मॉडल लॉजिस्टिक हब से नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट जेवर एयरपोर्ट तक प्रस्तावित है, ताकि माल सीधे एयर कार्गो टर्मिनल तक पहुंच सके।

लॉजिस्टिक हब रेलवे लाइन से भी जुड़ेगा

यह एलिएवेटेड रोड वेस्टर्न डेडीकेटेड फ्रेट कॉरिडोर के समानांतर होगा। यह लगभग 40 किलोमीटर लंबा होगा। बता दें कि लॉजिस्टिक हब को रेलवे लाइन से भी जोड़ा जाएगा।

आवागमन को सुगम बनाने के लिए 105 मीटर चौड़ी सड़क का विस्तार हापुड़ बाइपास तक किया जाएगा। ग्रेटर नोएडा के अल्फा-1 कॉमर्शियल बेल्ट के पास से शुरू होने वाली यह प्रमुख सड़क अभी जुनपत गांव के पास तक ही बनी है। इसे ईस्टर्न पेरिफरल से भी जोड़ने की तैयारी है। भविष्य में हापुड़ बाइपास से आगे सीधे गंगा एक्सप्रेसवे से भी जोड़ा जाएगा। इससे गंगा एक्सप्रेसवे तक का सफर घटकर कुल 30 से 45 मिनट तक का ही रह जाएगा।

प्रस्तावित योजना के प्रस्तुतिकरण के दौरान यूपी के औद्योगिक विकास मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी ने कहा कि नोएडा और ग्रेटर प्रदेश का मुकुट बनकर उभरा है। उद्योग और आमजन की सुविधा के लिए यहां जन-उपयोगी योजनाएं बनाई जा रही हैं। औद्योगिक विकास मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में नए भारत का नया उत्तर प्रदेश आज हर क्षेत्र में प्रगति की राह की ओर तेजी से अग्रसर है।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News