हरियाणा में यहां बनेगा नया ESIC अस्पताल, जाने क्या-क्या मिलेंगी सुविधाएं ?

 | 
हरियाणा में यहां बनेगा नया ESIC अस्पताल, जाने क्या-क्या मिलेंगी सुविधाएं ?

Udaipur Times, Haryana News, चंडीगढ़ : हरियाणा के श्रम मंत्री श्री अनिल विज ने केंद्रीय श्रम एवं रोजगार मंत्री डॉ. मनसुख मंडाविया से अंबाला के सेक्टर-33 में प्रस्तावित कर्मचारी राज्य बीमा निगम (ईएसआईसी) अस्पताल का निर्माण कार्य शीघ्र शुरू करवाने तथा परियोजना को निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने के लिए आवश्यक कदम उठाने का आग्रह किया है। उन्होंने इस संबंध में केंद्रीय मंत्री को पत्र लिखकर परियोजना की महत्ता से अवगत करवाया और ईएसआईसी के संबंधित अधिकारियों को आवश्यक प्रशासनिक एवं तकनीकी प्रक्रियाओं में तेजी लाने के निर्देश देने का अनुरोध किया है।

श्री अनिल विज ने पत्र में कहा कि अंबाला में ईएसआईसी अस्पताल का निर्माण क्षेत्र के बीमित कर्मचारियों, उनके आश्रितों तथा आसपास के जिलों के लोगों को बेहतर एवं सुलभ स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम होगा। इस अस्पताल के बनने से लोगों को विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाएं प्राप्त करने में सुविधा होगी और उपचार के लिए दूर-दराज के अस्पतालों पर निर्भरता भी कम होगी।

20,974 वर्ग मीटर भूमि का कब्जा ईएसआईसी को सौंपा जा चुका - विज

श्रम मंत्री ने पत्र में उल्लेख किया कि हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (एचएसवीपी), अंबाला द्वारा आवंटित 20,974 वर्ग मीटर भूमि का कब्जा कर्मचारी राज्य बीमा निगम के क्षेत्रीय निदेशक, पंचदीप भवन, फरीदाबाद को सौंप दिया है। लगभग 13 करोड रूपए की यह भूमि एचएसवीपी के संपदा अधिकारी, अंबाला द्वारा आवंटित की गई है।

श्री विज ने कहा कि अस्पताल निर्माण के लिए आवश्यक भूमि उपलब्ध हो चुकी है, और अब परियोजना को आगे बढ़ाने में तेजी आवश्यकता है। उन्होंने केंद्रीय श्रम एवं रोजगार मंत्री से अनुरोध किया कि ईएसआईसी के संबंधित अधिकारियों को शेष प्रशासनिक, तकनीकी एवं अन्य आवश्यक औपचारिकताएं प्राथमिकता के आधार पर पूरी करने के निर्देश दिए जाएं, ताकि निर्माण कार्य जल्द शुरू हो सके।

अंबाला और आसपास के जिलों के लोगों को मिलेगा लाभ - विज

श्रम मंत्री ने कहा कि अंबाला में ईएसआईसी अस्पताल स्थापित होने से बीमित कर्मचारियों और उनके परिवारों को समय पर विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध करवाने में मदद मिलेगी। इसके साथ ही, अंबाला और आसपास के जिलों के मरीजों को बेहतर उपचार के लिए दूरस्थ स्वास्थ्य संस्थानों में जाने की आवश्यकता कम होगी। इससे क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता बढ़ाने और मौजूदा अस्पतालों पर मरीजों के दबाव को कम करने में भी सहायता मिलेगी।

उन्होंने कहा कि श्रमिकों और कर्मचारियों का स्वास्थ्य एवं कल्याण सामाजिक और आर्थिक विकास का अभिन्न हिस्सा है। उन्हें सुलभ, गुणवत्तापूर्ण और किफायती चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध करवाना आवश्यक है। अंबाला में प्रस्तावित ईएसआईसी अस्पताल इस दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा तथा कर्मचारियों और उनके आश्रितों को बेहतर स्वास्थ्य सुरक्षा प्रदान करने में सहायक होगा।

निर्माण कार्य शुरू करने और पूरा करने की समय-सीमा तय करने का आग्रह

श्री अनिल विज ने केंद्रीय श्रम एवं रोजगार मंत्री से यह भी आग्रह किया कि परियोजना के निर्माण कार्य को शुरू करने तथा पूरा करने के लिए स्पष्ट समय-सीमा निर्धारित करने की दिशा में आवश्यक कार्रवाई की जाए। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि केंद्र सरकार के स्तर पर इस विषय को प्राथमिकता दिए जाने से परियोजना की प्रक्रिया में तेजी आएगी और अंबाला के लोगों को इस बहुप्रतीक्षित स्वास्थ्य सुविधा का लाभ जल्द मिल सकेगा।

श्रम मंत्री ने कहा कि अंबाला के सेक्टर-33 में ईएसआईसी अस्पताल का निर्माण हरियाणा के श्रमिकों, कर्मचारियों और उनके परिवारों के हित में एक महत्वपूर्ण पहल होगी। इसलिए परियोजना को शीघ्र आगे बढ़ाना और इसे समयबद्ध तरीके से पूरा करना आवश्यक है।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News