यहां बनेगा नया EV बस चार्जिंग स्टेशन, 150 नई AC इलेक्ट्रिक बसों को दौड़ाने की तैयारी
Udaipur Times, EV Bus Charging Station : बस यात्रियों की सुविधा के लिए आजकल इलेक्ट्रिक सिटी बस चलाई जा रही है। इन बसों के लिए चार्जिंग स्टेशन की जरूरत होती है। इसी के चलते महानगर में इलेक्ट्रिक सिटी बसों की संख्या बढ़ाने और उनके संचालन को सुगम बनाने के लिए चरगावां में दूसरा चार्जिंग स्टेशन बनाया जाएगा। मिली जानकारी के अनुसार, चरगावां स्थित सिटी बस डिपो में बनने वाले इस स्टेशन पर 4.64 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
महेसरा के बाद यह महानगर का दूसरा इलेक्ट्रिक बस चार्जिंग स्टेशन होगा। इसके बनने से शहर के उत्तरी क्षेत्र और आसपास के मार्गों पर संचालित होने वाली बसों को चार्जिंग के लिए महेसरा तक नहीं जाना पड़ेगा। इससे बसों के संचालन में लगने वाला अतिरिक्त समय बचेगा और उनके फेरे बढ़ाने में भी मदद मिलेगी।
जानकारी के मुताबिक, करीब 2000 वर्गमीटर क्षेत्रफल में बनने वाले इस चार्जिंग स्टेशन पर एक समय में चार इलेक्ट्रिक बसों को चार्ज किया जा सकेगा। निर्माण की जिम्मेदारी सीएंडडीएस-42 को सौंपी गई है।
महानगर में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को मजबूत करने के लिए 150 नई वातानुकूलित इलेक्ट्रिक सिटी बसें चलाने की तैयारी है। वर्तमान में शहर में संचालित इलेक्ट्रिक बसों की चार्जिंग के लिए महेसरा डिपो पर निर्भर रहना पड़ता है। जैसा की बताया जा रहा है की बसों की संख्या बढ़ने के साथ ही एकमात्र चार्जिंग स्टेशन पर दबाव बढ़ने की आशंका है। ऐसे में चरगावां में दूसरा स्टेशन बनाने की योजना तैयार की गई है।
चरगावां में चार्जिंग स्टेशन बनने से उत्तरी गोरखपुर और आसपास के क्षेत्रों में संचालित होने वाली बसों को विशेष सुविधा मिलेगी। अभी चार्जिंग के लिए महेसरा तक आने-जाने में बसों का काफी समय लग जाता है।
नया स्टेशन बनने के बाद इस दूरी और समय की बचत होगी। बसों को अधिक समय तक मार्गों पर संचालित किया जा सकेगा। इससे यात्रियों को बसों की उपलब्धता बढ़ने और प्रतीक्षा समय कम होने का लाभ मिल सकता है।