हरियाणा में यहां बनेगा रेलवे स्टेशन पर नया फुट ओवरब्रिज, लोगों को मिलेगा बड़ा फायदा
Udaipur Times, Haryana News : हरियाणा के लोक निर्माण एवं जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री रणबीर गंगवा ने बरवाला रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की सुविधा एवं सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए फुटओवर ब्रिज (एफओबी) के निर्माण को लेकर रेलवे उच्चाधिकारियों से बात की गई है। इस संबंध में केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से भी बरवाला रेलवे स्टेशन पर जल्द से जल्द फुट ओवर ब्रिज का निर्माण करवाने का आग्रह किया गया है।
उन्होने कहा कि हिसार जिले के बरवाला रेलवे स्टेशन पर प्लेटफार्म संख्या 1 एवं 2 के बीच यात्रियों के आवागमन के लिए वर्तमान में कोई फुट ओवर ब्रिज उपलब्ध नहीं है। इसके कारण यात्रियों को रेलवे ट्रैक पार करके एक प्लेटफार्म से दूसरे प्लेटफार्म तक जाना पड़ता है, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है और यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि रेलवे लाइन पार करने के दौरान किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना होने की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता। ऐसे में यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा उनकी सुविधा के लिए बरवाला रेलवे स्टेशन पर फुटओवर ब्रिज का निर्माण अत्यंत आवश्यक है।
उन्होने केंद्रीय रेल मंत्री से इस मांग पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करते हुए जनहित में बरवाला रेलवे स्टेशन पर शीघ्र फुट ओवर ब्रिज के निर्माण को स्वीकृति प्रदान करने का अनुरोध किया है।
फुट ओवर ब्रिज बनने से हजारों यात्रियों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिलेगी तथा रेलवे स्टेशन पर यात्री सुविधाओं में भी महत्वपूर्ण सुधार होगा। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि रेलवे मंत्रालय जनहित से जुड़े इस महत्वपूर्ण विषय पर जल्द ही सकारात्मक निर्णय लेगा।
