6 एकड़ में यहां बनेगी नई वाटिका ! खेल से लेकर मेडिटेशन तक मिलेगी ये खास सुविधाएं

 | 
6 एकड़ में यहां बनेगी नई वाटिका ! खेल से लेकर मेडिटेशन तक मिलेगी ये खास सुविधाएं

Udaipur Times, New Delhi : मधुबन बापूधाम आवासीय योजना के लोगों को जल्द ही मनोरंजन, खेलकूद और सुकून के लिए एक नया सार्वजनिक स्थल मिलने जा रहा है। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (GDA) करीब 6 एकड़ क्षेत्र में आनंद वाटिका पार्क विकसित करेगा। पार्क में खेल, स्वास्थ्य, मनोरंजन और खान-पान से जुड़ी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

पार्क के विकास कार्य का शुभारंभ अधिशासी अभियंता एवं मधुबन बापूधाम के प्रभारी योगेश पटेल ने किया। योजना के तहत पार्क को हरित क्षेत्र के रूप में विकसित किया जाएगा। अधिकारियों के मुताबिक, निर्माण कार्य पूरा होने में करीब एक वर्ष का समय लग सकता है।

स्पोर्ट्स जोन से स्केटिंग एरिया तक का एरिया शामिल

आनंद वाटिका को अलग-अलग आयु वर्ग के लोगों की जरूरतों को ध्यान में रखकर विकसित किया जाएगा। पार्क में स्पोर्ट्स जोन, फूड जोन, वॉकिंग ट्रैक, मेडिटेशन सेंटर और स्केटिंग एरिया बनाए जाएंगे।

सुबह-शाम टहलने वालों के लिए बेहतर पाथवे तैयार किए जाएंगे। पार्क में जगह-जगह बैठने की व्यवस्था भी होगी, ताकि लोग परिवार के साथ समय बिता सकें और आराम कर सकें।

गगनचुंबी तिरंगा बनेगा प्रमुख आकर्षण

पार्क में गगनचुंबी राष्ट्रध्वज (तिरंगा) भी लगाया जाएगा। इसे आनंद वाटिका के प्रमुख आकर्षणों में शामिल किया गया है। पार्क में प्रकाश व्यवस्था समेत लोगों की सुविधा के लिए अन्य आवश्यक इंतजाम भी किए जाएंगे।

पर्यावरण को हित में रखते हुए पुराने पेड़ नहीं काटे जाएंगे

पार्क के विकास में पर्यावरण संरक्षण का भी विशेष ध्यान रखा जाएगा। बाउंड्रीवॉल और अन्य निर्माण कार्यों के दौरान मौजूदा पेड़-पौधों को बचाने का प्रयास किया जाएगा।
इसके अलावा पार्क परिसर में नए पौधे भी लगाए जाएंगे। इससे क्षेत्र में हरियाली बढ़ेगी और लोगों को प्राकृतिक एवं स्वच्छ वातावरण मिल सकेगा।

एक ही जगह मिलेग कई सारी सुविधाएं

आनंद वाटिका के तैयार होने के बाद मधुबन बापूधाम के निवासियों को एक ही स्थान पर खेल, सैर, मनोरंजन, मेडिटेशन और खान-पान जैसी सुविधाएं मिल सकेंगी। आधुनिक सुविधाओं के साथ विकसित किया जा रहा यह पार्क स्थानीय लोगों के लिए आने वाले समय में शहर के प्रमुख सार्वजनिक स्थलों में शामिल हो सकता है।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News