हरियाणा में यहां बनेगा नया सरकारी कॉलेज, छात्रों को मिलेगी खास सुविधाएं

 | 
हरियाणा में यहां बनेगा नया सरकारी कॉलेज, छात्रों को मिलेगी खास सुविधाएं

Udaipur Times, Haryana News : फरीदाबाद शहर के सेक्टर-23 में जल्द ही एक आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित नया राजकीय महाविद्यालय (कॉलेज) स्थापित किया जाएगा। लंबे समय से लंबित इस परियोजना को अब गति मिल गई है, क्योंकि हरियाणा विद्युत उत्पादन निगम लिमिटेड (एचपीजीसीएल) की ओर से पांच एकड़ भूमि उच्च शिक्षा विभाग को औपचारिक रूप से हस्तांतरित कर दी गई है। इसके साथ ही उच्च शिक्षा विभाग द्वारा संबंधित मद में करीब 55 करोड़ रुपये की राशि भी जारी कर दी गई है।

भूमि हस्तातंरण की प्रक्रिया में देरी के कारण अटकी हुई थी परियोजना

प्रदेश सरकार ने लगभग दो साल पहले सेक्टर-23 में सरकारी कॉलेज खोलने की घोषणा की थी, लेकिन भूमि हस्तांतरण की प्रक्रिया में देरी के चलते परियोजना अटकी हुई थी। अब जमीन ट्रांसफर पूरा होने के बाद निर्माण कार्य शुरू होने का रास्ता साफ हो गया है।

इस महाविद्यालय का विस्तृत नक्शा और निर्माण योजना तैयार करने की जिम्मेदारी लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) को सौंपी गई है। विभाग द्वारा डिजाइन तैयार होने और नक्शा स्वीकृत होने के बाद निर्माण कार्य प्रारंभ किया जाएगा। अनुमान है कि निर्माण कार्य शुरू होने के बाद लगभग दो वर्षों के भीतर कॉलेज भवन तैयार कर लिया जाएगा।

आधुनिक सुविधाओं से लैस होगा कॉलेज

प्रस्तावित कॉलेज में विज्ञान, वाणिज्य और कला संकायों के लिए आधुनिक प्रयोगशालाएं, डिजिटल कक्षाएं, समृद्ध पुस्तकालय, कंप्यूटर लैब, खेल मैदान और अन्य शैक्षणिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी। इसके अलावा छात्रों के सर्वांगीण विकास के लिए सांस्कृतिक एवं सामाजिक गतिविधियों हेतु विशेष केंद्र भी स्थापित किया जाएगा।

अधिकारियों के अनुसार यह नया महाविद्यालय क्षेत्र के छात्रों को उच्च शिक्षा के बेहतर अवसर उपलब्ध कराएगा और आसपास के क्षेत्रों में शैक्षणिक ढांचे को और मजबूत बनाएगा।

उच्च शिक्षा विभाग की अधिकारी डॉ. सुनिधि ने बताया कि भूमि हस्तांतरण की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और जल्द ही सभी आवश्यक औपचारिकताओं को अंतिम रूप देकर निर्माण कार्य आगे बढ़ाया जाएगा।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News