हरियाणा में यहां बनेगा नया आधुनिक बस स्टैंड, कैबिनेट मंत्री ने दी बड़ी सौगात
Udaipur Times, Haryana News, चंडीगढ़ : हरियाणा सरकार का प्रयास है कि हिसार जिला का बरवाला क़स्बा में नागरिकों को बेहतर सुविधाएं मिलें और इस क़स्बा को आधुनिक एवं सुंदर बनाया जाए। बरवाला क़स्बा में विकास कार्यों को निरंतर गति दी जा रही है। शहर में आधुनिक बस स्टैंड बनकर तैयार हो चुका है। बस स्टैंड के साथ लगती मॉडर्न अनाज मंडी का निर्माण कार्य भी जारी है।
यह बात हरियाणा के लोक निर्माण एवं जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री श्री रणबीर गंगवा ने शनिवार को हिसार जिला के क़स्बा बरवाला में बस स्टैंड के उद्घाटन के दौरान उपस्थित जन को संबोधित करते हुए कही।
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि बरवाला शहर में विकास को लेकर किए गए वादों को पूरा करने के लिए सरकार लगातार प्रयासरत है। रामबाग के विकास के लिए करीब 3.30 करोड़ रुपये का टेंडर किया गया है। सिटी पार्क पर भी लगभग 3.30 करोड़ रुपये की लागत आएगी। इसके अलावा शहर में सडक़ों, गलियों, लाइब्रेरी और अन्य जनसुविधाओं से जुड़े कार्य किए जा रहे हैं। शहर के स्टेडियम का निर्माण कार्य भी प्रगति पर है, जबकि कम्युनिटी सेंटर का काम लगभग पूरा होने वाला है।
उन्होंने बताया कि बरवाला शहर की चारों दिशाओं में प्रवेश द्वारों का निर्माण किया जा रहा है। हिसार की तरफ से शहर में प्रवेश और निकास के दोनों ओर सुंदर चौक विकसित किए जाएंगे। इससे शहर की सुंदरता बढ़ेगी और लोगों को बेहतर शहरी सुविधाएं मिलेंगी। शहर की अधिकांश गलियों का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। शेष गलियों का काम भी जल्द शुरू करवाया जाएगा।
कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा ने बताया कि मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश में विकास कार्य तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। प्रदेश सरकार ने चुनाव के दौरान जनता से जो वादे किए थे, उन्हें पूरा करने की दिशा में लगातार काम किया जा रहा है। सरकार बनने के बाद किए गए 210 वादों में से 75 वादे पूरे किए जा चुके हैं।