हरियाणा के सरकारी महकमों में आज से नई व्यवस्था लागू ! अब जरूरत पड़ने पर ही मिलेगा योजनाओं का पैसा

 | 
हरियाणा के सरकारी महकमों में आज से नई व्यवस्था लागू ! अब जरूरत पड़ने पर ही मिलेगा योजनाओं का पैसा

Udaipur Times, Haryana News : हरियाणा से बड़ी खबर सामने आ रही है। हरियाणा में सरकारी योजनाओं का पैसा खर्च करने का तरीका बदलने जा रहा है। 25 नवंबर से प्रदेश के सभी विभागों में एसएनए-स्पर्श सिस्टम लागू होगा।

इस नई व्यवस्था के तहत अब योजनाओं का पैसा पहले से विभागों के खातों में जमा नहीं रहेगा बल्कि जब किसी काम के लिए भुगतान करना होगा, तभी पैसा जारी किया जाएगा। नई व्यवस्था का एक बड़ा उद्देश्य सरकारी धन का सही इस्तेमाल सुनिश्चित करना है।

कई बार योजनाओं के लिए जारी की गई राशि लंबे समय तक विभागों या एजेंसियों के खातों में पड़ी रहती है। नई प्रणाली से ऐसी स्थिति को कम करने में मदद मिलेगी। इसके अलावा भुगतान की प्रक्रिया पर ऑनलाइन नजर रखी जा सकेगी और लेन-देन में पारदर्शिता बढ़ेगी।

हरियाणा सरकार ने इसे लागू करने से पहले राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन में पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर शुरू किया था। इसके लिए 20 जुलाई 2026 को निर्देश जारी किए गए थे। वहां सफल प्रयोग के बाद अब इसे सभी सरकारी विभागों में लागू करने का फैसला लिया गया है। वित्त विभाग ने 23 नवंबर को इस संबंध में आदेश जारी किए हैं।

सभी विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों को नई व्यवस्था का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके दिशा-निर्देश वित्त विभाग और कोषागार एवं लेखा विभाग की वेबसाइट पर भी उपलब्ध हैं।

जिला स्तर पर मंजूर होंगे बिल

हरियाणा सरकार ने हरियाणा स्टेट एम्प्लॉइज एंड ऑफिसर्स एसोसिएशन (एचएसईओए) की लंबित मांग स्वीकार करते हुए एसएनए-स्पर्श पोर्टल के तहत विकेंद्रीकृत प्रणाली लागू करने का निर्णय लिया है। बुधवार से पूरे प्रदेश में लागू होने वाली इस व्यवस्था के तहत केंद्रीय प्रायोजित और राज्य संबद्ध योजनाओं के बिल जिला स्तर पर ही मंजूर किए जा सकेंगे। इससे बिलों की मंजूरी और भुगतान प्रक्रिया में तेजी आएगी।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News