देश में नया पश्चिमी विक्षोभ हुआ सक्रिय ! हरियाणा-पंजाब और राजस्थान समेत कई राज्यों में तूफानी बारिश की चेतावनी
Udaipur Times, Weather Alert : उत्तर एवं मध्य भारत में पिछले कई दिनों से जारी भीषण गर्मी के कारण जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया था। ऐसे में मौसम में राहत की उम्मीद की जा रही थी, जिसे कल पहुंचे सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ ने पूरा कर दिया। उत्तर भारत में पहुंचे ताजा और सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से प्रचंड गर्मी का असर काफी हद तक कम हो चुका है तथा मौसम अब बड़े पैमाने पर ठंडा और सुहावना हो गया है।
आज का मौसम पूर्वानुमान: आज जम्मू-कश्मीर, लद्दाख तथा हिमाचल प्रदेश के मध्य एवं ऊपरी पहाड़ी क्षेत्रों में अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश देखने को मिलेगी। कुछ स्थानों पर भारी बारिश एवं ओलावृष्टि की भी संभावना है। जम्मू-कश्मीर एवं हिमाचल प्रदेश के तराई और तलहटी क्षेत्रों में बिखरे तौर पर हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। कुछ स्थानों पर तेज बारिश भी हो सकती है, विशेषकर जम्मू, कठुआ, उधमपुर, कांगड़ा, ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर एवं सोलन जिलों में।
उत्तराखंड के लगभग सभी जिलों में आज मौसम सक्रिय बना रहेगा। दोपहर बाद गरज-चमक वाले बादलों का विकास होगा, जो शाम तक राज्य के अधिकांश क्षेत्रों को प्रभावित करेंगे। इसके प्रभाव से कहीं हल्की तो कहीं भारी बारिश, तेज हवाएं एवं गरज-चमक की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं।
पंजाब और चंडीगढ़ के उत्तर-पूर्वी, दक्षिणी एवं दक्षिण-पश्चिमी जिलों में आज बिखरे तौर पर हल्की से मध्यम बारिश की गतिविधियां होंगी। कुछ स्थानों पर तेज बारिश एवं ओलावृष्टि भी संभव है। वहीं उत्तर एवं उत्तर-पश्चिमी जिलों में कहीं-कहीं हल्की बारिश की संभावना बनी हुई है।
हरियाणा सहित दिल्ली-NCR में आज लगभग सभी क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश की गतिविधियां देखने को मिलेंगी। कुछ स्थानों पर तेज तूफानी हवाओं के साथ भारी बारिश भी संभव है।
राजस्थान के श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, चूरू, सीकर, झुंझुनूं, अलवर, भरतपुर, धौलपुर, दौसा, करौली, सवाई माधोपुर, टोंक, कोटा, बूंदी एवं झालावाड़ जिलों में बिखरे तौर पर हल्की से मध्यम बारिश और आंधी एवं गरज-चमक की गतिविधियां दर्ज की जाएंगी। कुछ स्थानों पर तेज बारिश एवं ओलावृष्टि भी संभव है, विशेषकर जयपुर एवं भरतपुर संभाग के क्षेत्रों में। वहीं बीकानेर, जोधपुर, नागौर, अजमेर, भीलवाड़ा, राजसमंद, पाली, उदयपुर एवं चित्तौड़गढ़ जिलों में मौसम अधिकांश समय साफ बना रहेगा। हालांकि दोपहर बाद या शाम के समय कहीं-कहीं हल्की बारिश या बूंदाबांदी की संभावना बन रही है।
मध्य प्रदेश के चंबल, ग्वालियर, रीवा तथा शहडोल संभाग में अधिकांश स्थानों पर बारिश की गतिविधियां देखने को मिलेंगी। कुछ स्थानों पर भारी बारिश भी संभव है। भोपाल, जबलपुर, नर्मदापुरम एवं उज्जैन संभाग के जिलों में बिखरे तौर पर हल्की बारिश की गतिविधियां होंगी तथा कुछ स्थानों पर तेज बौछारें भी गिर सकती हैं।
उत्तर प्रदेश में आज भी लगभग सभी जिलों में तेज आंधी के साथ कहीं हल्की तो कहीं भारी बारिश दर्ज की जाएगी। इसका मुख्य प्रभाव सहारनपुर, मेरठ, अलीगढ़, आगरा, झांसी, चित्रकूट, प्रयागराज, वाराणसी, मिर्जापुर, कानपुर एवं लखनऊ संभाग में देखने को मिलेगा। अन्य संभागों में भी बारिश होगी, लेकिन इन क्षेत्रों में इसका प्रसार एवं तीव्रता अपेक्षाकृत अधिक रहने की संभावना है।
कल का मौसम पूर्वानुमान
सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव और अधिक व्यापक रूप से देखने को मिलेगा। इसके प्रभाव से पंजाब, हरियाणा, संपूर्ण राजस्थान, दिल्ली-एनसीआर, पश्चिमी उत्तर प्रदेश तथा पश्चिमी मध्य प्रदेश में बड़े पैमाने पर आंधी, गरज-चमक एवं बारिश की गतिविधियां दर्ज की जाएंगी। दक्षिणी एवं पश्चिमी राजस्थान तथा पश्चिमी मध्य प्रदेश के कुछ क्षेत्रों में भारी बारिश की भी संभावना है।
31 मई के बाद यह प्रणाली कमजोर होकर आगे बढ़ जाएगी। हालांकि इसके पीछे आ रहे एक नए पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से उत्तर एवं मध्य भारत के कई क्षेत्रों में हल्की बारिश की गतिविधियां कुछ दिनों तक और जारी रह सकती हैं।
