हरियाणा में यहां बनेगा नया महिला पुलिस थाना, करोड़ों की लागत से मिलेगी आधुनिक सुविधाएं
Udaipur Times, Haryana news : हरियाणा वासियों के लिए बड़ी खबर सामने आई है। अभी तक दिल्ली रोड स्थित पुलिस लाइन में अस्थायी तौर पर चल रहे महिला थाना का जल्द नया भवन बनकर तैयार होगा। जानकारी के अनुसार, यह नया भवन 120 मीटर चौड़े शहर के वी टू रोड पर सेक्टर-20 में करीब सवा एकड़ जमीन पर बनेगा।
भवन के निर्माण के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इसके निर्माण लिए करीब चार करोड़ दो लाख 64 हजार रुपये की अनुमानित लागत तय की गई है। टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा।
जानकारी के मुताबिक, हरियाणा पुलिस हाउसिंग कारपोरेशन की ओर से इस महिला थाने के नए भवन का निर्माण कराया जाएगा। निर्माण कार्य के लिए टेंडर आमंत्रित किए जा चुके हैं और एक अक्टूबर को टेंडर खोले जाएंगे। इसके बाद चयनित एजेंसी को कार्य आवंटित कर निर्माण कार्य शुरू कराने की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।
इस समय रेवाड़ी जिले में एक ही महिला थाना है। यह फिलहाल जिला पुलिस लाइन परिसर में संचालित हो रहा है। शहर से इसकी दूरी काफी ज्यादा है। साथ ही थाना में पर्याप्त जगह भी नहीं है। नए भवन के निर्माण के बाद महिला थाना पुलिस लाइन से सेक्टर-20 में स्थानांतरित हो जाएगा।
मिली जानकारी के अनुसार, कार्य आवंटन और अन्य औपचारिकताएं पूरी होने पर निर्माण शुरू होने की संभावना है। कार्य शुरू होने के बाद करीब 540 दिन में नए महिला थाना भवन को तैयार करने का लक्ष्य रखा गया है।