यहां बनेगा अत्याधुनिक बस पोर्ट ! फाइव स्टार मिलेंगी सुविधाएं, जाने कब होगा शुरू ?
Udaipur Times, Lucknow Bus Port : उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में यात्रियों को जल्द ही एक और अत्याधुनिक बस पोर्ट की सौगात मिलने वाली है। गोमतीनगर के विभूति खंड में बन रहा नया बस पोर्ट आधुनिक सुविधाओं से लैस होगा जिसे इस साल दिसंबर के पहले सप्ताह में शुरू करने की तैयारी है।
यह बस पोर्ट करीब 30 हजार वर्ग मीटर क्षेत्र में विकसित किया जा रहा है।जहां बसों के संचालन के लिए 70 से अधिक प्लेटफॉर्म होंगे। इसके अलावा यात्रियों के लिए एसी वेटिंग लाउंज, डिजिटल डिस्प्ले, ऑटोमैटिक टिकटिंग, लिफ्ट, एस्केलेटर, फूड कोर्ट और रिटेल स्टोर जैसी कई सुविधाएं उपलब्ध रहेगई।
23 बस स्टेशनों को PPP मॉडल पर किया जा रहा विकसित
उत्तर प्रदेश में अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस 23 बस स्टेशनों को निजी सार्वजनिक सहभागिता यानी PPP मॉडल के तहत विकसित किया जा रहा है। इन परियोजनाओं के लिए Design, Build, Finance, Operate and Transfer (DBFOT) मॉडल अपनाया गया है।
पहले चरण में लखनऊ के तीन बस स्टेशनों का चयन किया गया था। इनमें विभूति खंड गोमती नगर, चारबाग और अमौसी शामिल हैं। इनमें विभूति खंड बस पोर्ट का निर्माण अब अंतिम चरण में पहुंच चुका है।
परिवहन निगम की ओर से इसे दिसंबर के पहले सप्ताह में शुरू करने की तैयारी की जा रही है।
आलमबाग बस टर्मिनल से भी बड़ा होगा नया बस पोर्ट
लखनऊ में अब तक आलमबाग बस टर्मिनल को यात्री सुविधाओं और आधुनिक डिजाइन के मामले में प्रमुख माना जाता रहा है। यह टर्मिनल भी PPP मॉडल पर विकसित किया गया था। हालांकि, विभूति खंड में तैयार हो रहा नया बस पोर्ट क्षेत्रफल और सुविधाओं के मामले में इसे पीछे छोड़ने की तैयारी में है। आलमबाग बस टर्मिनल करीब 23,274 वर्ग मीटर में बना है, जबकि विभूति खंड का नया बस पोर्ट करीब 30 हजार वर्ग मीटर क्षेत्र में विकसित किया जा रहा है।
70 से ज्यादा प्लेटफॉर्म,के साथ में बसों की वर्कशॉप का भी विकास
नए बस पोर्ट में बसों के संचालन के लिए 70 से अधिक प्लेटफॉर्म बनाए जा रहे हैं। इसके अलावा बसों की मरम्मत और रखरखाव के लिए परिसर में ही करीब 29 हजार वर्ग मीटर क्षेत्र में क्षेत्रीय डिपो कार्यशाला विकसित की जा रही है।
इससे बसों की नियमित सर्विस और मरम्मत के लिए अलग स्थान पर ले जाने की जरूरत कम हो सकती है। बस पोर्ट को यात्री सुविधाओं के साथ बस संचालन और रखरखाव के लिहाज से भी एक बड़े केंद्र के तौर पर विकसित किया जा रहा है।
डीजल बसों के बजाय इलेक्ट्रिक बसों का बनेगा हब
विभूति खंड बस पोर्ट की सबसे खास बात यह होगी कि यहां से डीजल बसों के बजाय इलेक्ट्रिक बसों के संचालन को प्राथमिकता दी जाएगी। इसे इलेक्ट्रिक बसों के हब के रूप में विकसित करने की योजना है।यहां से प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों के लिए इलेक्ट्रिक बसों का संचालन किया जाएगा। इसी दिशा में परिवहन निगम ने पिछले दिनों 250 इलेक्ट्रिक बसों की खरीद की प्रक्रिया भी शुरू की है।
एसी वेटिंग लाउंज और बड़ी डिजिटल स्क्रीन की सुविधा
यात्रियों की सुविधा के लिए बस पोर्ट में बड़ा एसी वेटिंग लाउंज बनाया जा रहा है। यहां यात्रियों को बसों के आने-जाने और रूट से जुड़ी जानकारी आसानी से मिल सकेगी।
बसों का रियल-टाइम शेड्यूल दिखाने के लिए बड़ी डिजिटल स्क्रीन लगाई जाएगी। इसके साथ ही ऑटोमैटिक टिकटिंग सिस्टम की सुविधा भी उपलब्ध होगी। बुजुर्गों और दिव्यांग यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए परिसर में लिफ्ट और एस्केलेटर भी लगाए जाएंगे।
24 घंटे CCTV निगरानी, आधुनिक सुरक्षा व्यवस्था
बस पोर्ट में यात्रियों की सुरक्षा के लिए 24 घंटे CCTV कैमरों से निगरानी की व्यवस्था होगी। इसके साथ ही परिसर में आधुनिक सुरक्षा चौकी भी स्थापित की जाएगी।
यात्रियों की रोजमर्रा की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए यहां ब्रांडेड शोरूम और रिटेल स्टोर भी बनाए जा रहे हैं। मनोरंजन के लिए PVR और अलग-अलग तरह के भोजन के लिए फूड कोर्ट की सुविधा भी उपलब्ध होगी।
बिजनेस यात्रियों के लिए फाइव स्टार होटल और ऑफिस स्पेस का भी निर्माण
विभूति खंड बस पोर्ट को केवल बसों के संचालन तक सीमित नहीं रखा जा रहा है। परिसर में यात्रियों और बिजनेस क्लास के लोगों के ठहरने के लिए फाइव स्टार होटल और स्टूडियो अपार्टमेंट्स की सुविधा भी प्रस्तावित है।
इसके अलावा कॉरपोरेट कंपनियों के लिए आधुनिक ऑफिस स्पेस भी उपलब्ध होगा। इससे बस पोर्ट को एक मल्टी-यूज कमर्शियल परिसर के रूप में विकसित करने की योजना दिखाई देती है।
पार्किंग से EV चार्जिंग स्टेशन और टॉयलेट, मेडिकल सेंटर, फार्मेसी और क्लॉक रूम जैसी सुविधा भी होंगी उपलब्ध।
बस पोर्ट में निजी वाहनों के लिए पर्याप्त पार्किंग स्पेस बनाया जाएगा। इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा देने के लिए EV चार्जिंग स्टेशन भी लगाए जाएंगे।
पर्यावरण को ध्यान में रखते हुए परिसर में वर्टिकल गार्डन, ग्रीन जोन और वेस्ट मैनेजमेंट सिस्टम जैसी व्यवस्थाएं भी रखी जाएंगी।
परिसर में यात्रियों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए कई अन्य सुविधाएं भी उपलब्ध होंगी। इनमें आधुनिक टॉयलेट, इमरजेंसी मेडिकल सुविधा, फार्मेसी, बैंक और ATM शामिल हैं। इसके अलावा यात्रियों के सामान रखने के लिए क्लॉक रूम, डॉर्मेट्री, दुकानें, हॉस्टल और पुलिस बूथ जैसी सुविधाएं भी विकसित की जा रही हैं।
दिसंबर के पहले सप्ताह में शुरू करने की तैयारी
परिवहन निगम के प्रबंध निदेशक प्रभुनाथ सिंह के मुताबिक, गोमतीनगर के विभूति खंड में बन रहा मॉडल बस स्टेशन इसी साल शुरू किया जाएगा। इसे दिसंबर के पहले सप्ताह में यात्रियों के लिए शुरू करने की तैयारी की जा रही है। कुल मिलाकर विभूति खंड का नया बस पोर्ट लखनऊ में सार्वजनिक परिवहन के साथ-साथ कमर्शियल और यात्री सुविधाओं का बड़ा केंद्र बनने की दिशा में तैयार किया जा रहा है।
70 से अधिक प्लेटफॉर्म, इलेक्ट्रिक बसों का संचालन, आधुनिक वेटिंग लाउंज, होटल, ऑफिस स्पेस, फूड कोर्ट और EV चार्जिंग जैसी सुविधाएं इसे राजधानी के मौजूदा बस टर्मिनलों से अलग पहचान दे सकती हैं।