हिसार : राष्ट्रीय राजमार्ग-9 पर सेक्टर 27-28 के सामने स्थित दुर्घटना संभावित ब्लैक स्पाट को सुरक्षित मार्ग में बदलने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल हुई है। यहां अब व्हीकल अंडरपास का निर्माण किया जाएगा। कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा के मार्गदर्शन में चीफ इंजीनियर और उनके तकनीकी सलाहकार संदीप बाना के नेतृत्व में इंजीनियरिंग टीम ने करीब छह माह के अध्ययन के बाद नया वैकल्पिक मार्ग तलाशकर अंतिम रूप दिया है। इस परियोजना से औद्योगिक क्षेत्र की कनेक्टिविटी बेहतर होगी और हादसों की आशंका भी कम होगी।
औद्योगिक क्षेत्र को मिलेगी सुगम आवाजाही
सेक्टर 27-28 हिसार का प्रमुख औद्योगिक क्षेत्र है। यहां दिनभर भारी वाहनों, ट्रकों और अन्य व्यावसायिक वाहनों की आवाजाही बनी रहती है। मौजूदा व्यवस्था में औद्योगिक क्षेत्र में प्रवेश और निकास के दौरान वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। सैनिक छावनी के गेट नंबर-1 के पास बने कट पर भी भारी वाहनों की आवाजाही चुनौतीपूर्ण है। हाईवे का स्तर सड़क से करीब 20 फीट ऊंचा होने के कारण समस्या और बढ़ जाती है। अब व्हीकल अंडरपास इस परेशानी का व्यावहारिक समाधान बनेगा।
हाईवे रहेगा यथावत, नीचे से गुजरेगा यातायात
प्रस्तावित योजना के तहत राष्ट्रीय राजमार्ग की मौजूदा संरचना को यथावत रखते हुए उसके नीचे सामान्य सड़क स्तर पर व्हीकल अंडरपास बनाया जाएगा। परियोजना का एक महत्वपूर्ण पहलू यह भी है कि सिरसा की ओर से आने वाले वाहन सेक्टर 27-28 के रास्ते सीधे साउदर्न बाईपास तक पहुंच सकेंगे। इससे शहर को एक छोटा, सुरक्षित और सुविधाजनक वैकल्पिक मार्ग मिलेगा।
❝ व्हीकल अंडरपास की योजना मंत्री रणबीर गंगवा की दूरदर्शी सोच और समस्या के स्थायी समाधान के प्रति उनकी प्रतिबद्धता का परिणाम है। उन्होंने इस दुर्घटना संभावित स्थल को प्राथमिकता देते हुए संबंधित विभागों के साथ लगातार पत्राचार और प्रयास किए। तकनीकी पहलुओं का विस्तृत अध्ययन करने के बाद अंडरपास का विकल्प तैयार किया गया है। इससे ब्लैक स्पाट की समस्या का समाधान होगा और औद्योगिक क्षेत्र सहित आसपास के लोगों को आवागमन की सुविधा मिलेगी। - संदीप बाना, चीफ मरीन इंजीनियर एवं तकनीकी सलाहकार, कैबिनेट मंत्री, हरियाणा
सड़क पर चलने वाले प्रत्येक व्यक्ति की सुरक्षा उनकी प्राथमिकता है। लोगों को सुरक्षित, सुगम और बेहतर यातायात व्यवस्था उपलब्ध करवाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसी सोच के तहत राष्ट्रीय राजमार्ग-9 पर फ्लाईओवर और व्हीकल अंडरपास जैसी परियोजनाओं पर काम आगे बढ़ाया जा रहा है। इससे शहर की कनेक्टिविटी और यातायात व्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी। - रणबीर गंगवा, कैबिनेट मंत्री, हरियाणा ❞