चमनपुरा में छत गिरने से एक महिला और बच्ची की मौत
शहर के चमनपुरा हाथीपोल में मॉडल स्कूल के पास शनिवार को एक मकान की छत गिरने से पच्चीस वर्षीया महिला प्रियंका तथा एक बच्ची की मौत हो गई जबकि 20 लोग घायल हो गए। जिस घर में यह हादसा हुआ वहां पहले ही एक महिला का निधन होने पर शव यात्रा की तैयारियां की जा रही थीं। तभी दूसरी मंजिल की छत गिर गई। अर्थी सहित पांच-छह लोग नीचे आ गिरे।

प्राप्त जानकारी के अनुसार हाथीपोल थाना क्षेत्र मॉडल स्कूल, चमनपुरा के पास में रहने वाले जगदीश खटीक की पत्नी सीता (42) का शुक्रवार को निधन हो गया था। शनिवार को अंतिम संस्कार होना था। जगदीश का मकान करीब 80 साल पुराना है। जर्जर मकान में लोग अंतिम संस्कार में शामिल होने आए थे।
सीता की पार्थिव देह ऊपर वाली मंजिल पर थी। नीचे वाले कमरे में करीब 25 लोग थे। तभी ऊपर वाले कमरे की छत गिर गई। इससे सीता की पार्थिव देह सहित चार-पांच लोग नीचे गिर गए। ये लोग नीचे कमरे में मौजूद लोगों पर गिरे। इससे नीचे कमरे में मौजूद करीब 20 लोग घायल हो गए। छत गिरते ही वहां चीख-पुकार मच गई। जोर के धमाके से आस पास के लोग दौड़कर अपने घरों से निकल कर आए। लोगों ने पुलिस को फोन कर सूचना दी और घायलों को अस्पताल पहुंचाया जहां डाक्टरों ने एक महिला और एक बच्ची को मृत घोषित कर दिया।