हरियाणा में HKRN के माध्यम से नौकरी लगवाने के नाम पर ₹2 लाख की रिश्वत मांगने का आरोपी गिरफ्तार, ₹50 हजार लेते ACB ने पकड़ा

 | 
हरियाणा में HKRN के माध्यम से नौकरी लगवाने के नाम पर ₹2 लाख की रिश्वत मांगने का आरोपी गिरफ्तार, ₹50 हजार लेते ACB ने पकड़ा 

Udaipur Times, Haryana News, चंडीगढ़ : भ्रष्टाचार के खिलाफ हरियाणा राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (SV&ACB) की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में जींद यूनिट ने एक निजी व्यक्ति राजेंद्र कुमार उर्फ साहिल को ₹50,000 की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी ने खुद को विजिलेंस विभाग का कर्मचारी बताकर शिकायतकर्ता को हरियाणा कौशल रोजगार निगम (HKRN) के माध्यम से चौधरी बंसी लाल विश्वविद्यालय, भिवानी में नौकरी लगवाने का झांसा दिया था।

नौकरी दिलाने के नाम पर मांगे ₹2 लाख

प्राप्त शिकायत के अनुसार आरोपी राजेंद्र कुमार उर्फ साहिल ने कैथल निवासी शिकायतकर्ता से नौकरी लगवाने के एवज में कुल ₹2 लाख की अवैध रिश्वत की मांग की। इसमें से ₹50,000 अग्रिम राशि के रूप में देने की बात तय हुई। शिकायत प्राप्त होने के बाद SV&ACB ने शिकायत का सत्यापन कर नियमानुसार ट्रैप कार्रवाई की। SV&ACB जींद यूनिट के नेतृत्व में टीम ने हांसी बस स्टैंड के पास आरोपी को पकड़ने के लिए जाल बिछाया और आरोपी को ₹50,000 की रिश्वत स्वीकार करते हुए मौके पर ही रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया गया। कार्रवाई के दौरान राजपत्रित अधिकारी एवं शैडो गवाह मौजूद रहे।

धारा 7A PC Act के तहत मामला दर्ज

इस संबंध में FIR No. 29 दिनांक 20.08.2026 के तहत धारा 7A भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम (PC Act) में पुलिस थाना SV&ACB हिसार में मामला दर्ज किया गया है। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है तथा मामले में आगे की जांच जारी है।

BNSS की धारा 105 के तहत अपनाई गई प्रक्रिया

ट्रैप कार्रवाई के दौरान भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 की धारा 105 के तहत निर्धारित प्रक्रिया का पालन किया गया। ब्यूरो द्वारा मामले से जुड़े सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है।

SV&ACB की आमजन से अपील

SV&ACB ने आमजन से अपील की है कि यदि कोई व्यक्ति सरकारी नौकरी, सरकारी कार्य या किसी अन्य सुविधा के नाम पर रिश्वत की मांग करता है अथवा किसी सरकारी विभाग का नाम लेकर अवैध राशि वसूलने का प्रयास करता है, तो इसकी सूचना तुरंत SV&ACB को दें। भ्रष्टाचार के खिलाफ हर शिकायत पर नियमानुसार सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News