टीएडी छात्रावासों में अनियमितता पर कार्यवाही
उदयपुर, 25 फरवरी 2020 । जनजाति क्षेत्रीय विकास विभाग के अधीन संचालित आश्रम छात्रावासों के निरीक्षण दौरान पाई गई विभिन्न अनियमितताओ पर विभाग के परियोजना अधिकारी गीतेश्री मालवीय ने सख्त कार्यवाही की है।
मालवीय ने बताया कि आश्रम छात्रावास भरडि़या के अधीक्षक हेमराज मीणा को विभागीय अनुशंषा पर शिक्षा विभाग द्वारा छात्रावास में व्यवस्था व्यवस्थित नहीं होने एवं अनुपस्थित रहने के कारण निलम्बित किया गया है वहीं निरीक्षण दौरान अनुपस्थित पाए जाने पर बालिका आश्रम छात्रावास फलासिया की कुक श्रीमती रोशनबाई को भी निलम्बित किया गया है।
उन्होंने बताया कि अधीनस्थ आश्रम छात्रावासों में आकस्मिक निरीक्षण में अनुपस्थित पाए गए 10 छात्रावास अधीक्षकों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है वहीं बालिका आश्रम छात्रावास लसाडिया, आश्रम छात्रावास भबराना एवं आश्रम छात्रावास भरडि़या के अधीक्षकों के विरूद्ध राजस्थान सेवा नियम, राजस्थान सिविल सेवाएं (वर्गीकरण, नियंत्रण, और अपील) नियमों के तहत कार्यवाही प्रस्तावित की गई।
