मां बनने के 7 महीने बाद जीता Mrs India 2026 का ताज, आकांक्षा चौधरी ने पेश की नई मिसाल

 | 
मां बनने के 7 महीने बाद जीता Mrs India 2026 का ताज, आकांक्षा चौधरी ने पेश की नई मिसाल 

Udaipur Times, Akanksha Chaudhary Miss India 2026 : अजमेर की रहने वाली आकांक्षा चौधरी ने 18 जुलाई को Mrs India 2026 का खिताब जीतकर न सिर्फ अपनी पहचान बनाई, बल्कि उन महिलाओं के लिए भी प्रेरणा बन गईं जो शादी या मां बनने के बाद अपने सपनों को अधूरा मान लेती हैं। खास बात यह है कि आकांक्षा सात महीने के बेटे अर्शव की मां हैं।

'यह सिर्फ मेरा नहीं, हर महिला का सपना है'

जयपुर में मीडिया से बातचीत के दौरान आकांक्षा ने कहा कि Mrs India का ताज सिर्फ उनकी व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं, बल्कि उन सभी महिलाओं की जीत है जो मानती हैं कि शादी और मातृत्व के बाद भी अपने सपनों को पूरा किया जा सकता है। उन्होंने कहा, "सही पारिवारिक सहयोग, आत्मविश्वास और मेहनत के दम पर हर महिला अपनी अलग पहचान बना सकती है।"

मां बनने के 7 महीने बाद जीता Mrs India 2026 का ताज

7 महीने के बेटे के साथ की तैयारी

आकांक्षा ने बताया कि प्रतियोगिता की तैयारी आसान नहीं थी, क्योंकि उनका बेटा अभी सिर्फ सात महीने का है। उनकी मां और सास ने इस दौरान बेटे की देखभाल में पूरा सहयोग दिया। उन्होंने बताया कि रैंप वॉक की प्रैक्टिस, फोटोशूट और अन्य गतिविधियों के बीच वह नियमित रूप से बेटे को ब्रेस्टफीड कराने जाती थीं और फिर वापस अपनी तैयारी में जुट जाती थीं।

पति बने सबसे बड़े प्रेरणास्रोत

आकांक्षा ने बताया कि शादी से पहले वह मॉडलिंग करती थीं। श्रीराम कॉलेज ऑफ कॉमर्स (SRCC) और आईआईएम अहमदाबाद में पढ़ाई के दौरान उन्होंने करीब चार साल तक मॉडलिंग की। नौकरी शुरू करने के बाद उन्होंने मॉडलिंग छोड़ दी और बाद में कंटेंट क्रिएटर बन गईं।

उन्होंने कहा कि मां बनने के बाद उन्हें लगा था कि फिटनेस और आत्मविश्वास वापस पाने में दो साल लगेंगे, लेकिन उनके पति ने उन्हें इंतजार न करने की सलाह दी। डाइट, जिम और पूरी तैयारी में पति ने उनका हर कदम पर साथ दिया।

मां बनने के 7 महीने बाद जीता Mrs India 2026 का ताज

सोशल मीडिया पर लाखों फॉलोअर्स

आकांक्षा एक सफल कंटेंट क्रिएटर भी हैं। सोशल मीडिया पर उनके 4 से 5 लाख फॉलोअर्स हैं। उनका कहना है कि अब वह इस मंच का उपयोग महिलाओं को प्रेरित करने के लिए करेंगी, ताकि वे शादी और मातृत्व के बाद भी अपने सपनों को छोड़ने के बजाय उन्हें पूरा करने का साहस जुटा सकें।

मारवाड़ी परिवार से आती हैं आकांक्षा

आकांक्षा ने बताया कि वह एक पारंपरिक मारवाड़ी परिवार से हैं, लेकिन उनके माता-पिता और पूरे परिवार ने हमेशा उनका साथ दिया। मॉडलिंग शुरू करने से लेकर Mrs India बनने तक उन्हें कभी अपने सपनों के लिए परिवार को मनाना नहीं पड़ा।

अब अंतरराष्ट्रीय मंच पर करेंगी भारत का प्रतिनिधित्व

Mrs India 2026 का खिताब जीतने के बाद आकांक्षा अब राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी। उनके सामने फैशन शो, ब्रांड सहयोग और कई बड़े प्रोजेक्ट्स हैं। इसके साथ ही वह अधिक से अधिक महिलाओं को यह संदेश देना चाहती हैं कि शादी और मां बनना सपनों का अंत नहीं, बल्कि एक नई शुरुआत है।

क्या होती है Mrs India प्रतियोगिता?

मिसेज इंडिया (Mrs India) विवाहित महिलाओं के लिए आयोजित होने वाली देश की प्रतिष्ठित राष्ट्रीय स्तर की ब्यूटी पेजेंट प्रतियोगिता है। इस मंच पर विवाहित, तलाकशुदा और विधवा महिलाएं भी हिस्सा ले सकती हैं और अपनी प्रतिभा, आत्मविश्वास, व्यक्तित्व तथा नेतृत्व क्षमता का प्रदर्शन कर सकती हैं। 

इस प्रतियोगिता का उद्देश्य केवल सुंदरता का मूल्यांकन करना नहीं है, बल्कि महिलाओं को यह संदेश देना है कि शादी या मातृत्व के बाद भी उनके सपने खत्म नहीं होते। यह मंच महिलाओं को अपनी अलग पहचान बनाने, आत्मनिर्भर बनने और समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए प्रेरित करता है।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News