अडाणी-अंबानी के बाद अब ये दिग्गज कंपनी AI के क्षेत्र में कर रही है 70 हजार करोड़ रुपये का निवेश, 264 एकड़ जमीन में बनेगा कॉम्पेलेक्स

 | 
अडाणी-अंबानी के बाद अब ये दिग्गज कंपनी AI के क्षेत्र में कर रही है 70 हजार करोड़ रुपये का निवेश, 264 एकड़ जमीन में बनेगा कॉम्पेलेक्स 

Udaipur Times, TCS To Invest Rs 70000 Crore In AI Data Centre : एशिया के सबसे अमीर व्यक्ति गौतम अडानी और दिग्गज बिजनेसमैन मुकेश अंबानी के बाद, टाटा भी AI डेटा सेंटर्स के क्षेत्र में बड़ा कदम उठाने जा रहा है। IT की दिग्गज कंपनी टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS) ने हाल ही में यह घोषणा करते हुए कहा है कि वह हैदराबाद में 1 गीगावाट क्षमता वाला एक विशाल AI डेटा सेंटर कॉम्प्लेक्स बनाने के लिए 70,000 करोड़ रुपये का निवेश करेगी।

डेटा सेंटर कॉम्प्लेक्स का विकास अलग-अलग चरणों  में होगा 

यह निवेश TCS की सब्सिडियरी कंपनी 'हाइपरवोल्ट' के ज़रिए किया जाएगा। हैदराबाद में बनने वाला यह AI डेटा सेंटर कॉम्प्लेक्स खास तौर पर AI कंपनियों और हाइपरस्केलर्स की ज़रूरतों को पूरा करने के लिए बनाया जाएगा, जिससे AI ट्रेनिंग, इन्फरेंस और एडवांस्ड कंप्यूटिंग वर्कलोड के लिए हाई-डेंसिटी GPU डिप्लॉयमेंट मुमकिन हो सकेगा।

हाइपरवोल्ट ने पहले ही 264 एकड़ ज़मीन हासिल कर ली है। डेटा सेंटर कॉम्प्लेक्स का विकास ग्राहकों की मांग और तकनीकी ज़रूरतों के हिसाब से अलग-अलग चरणों में किया जाएगा।

प्रोजेक्ट से भारत के AI इंफ्रास्ट्रक्चर इकोसिस्टम को बढ़ावा मिलने की उम्मीद

पूरी तरह से तैयार होने के बाद, इस कॉम्प्लेक्स के भारत की सबसे एडवांस्ड और विशाल AI इंफ्रास्ट्रक्चर सुविधाओं में से एक बनने की उम्मीद है। कॉम्प्लेक्स के निर्माण में ग्रीन एनर्जी और वॉटर-न्यूट्रल डिज़ाइन के सिद्धांतों को शामिल किया जाएगा। इस सुविधा के अलावा, इस प्रोजेक्ट से भारत के AI इंफ्रास्ट्रक्चर इकोसिस्टम को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है जिसमें पावर, कूलिंग, नेटवर्किंग, कंस्ट्रक्शन, इंजीनियरिंग और ऑपरेशन्स शामिल हैं। इससे इलाके में हज़ारों प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष नौकरियां भी पैदा होंगी।

हैदराबाद की ग्लोबल AI क्रांति में अहम भूमिका 

तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी ने कहा, "यह साबित करता है कि इंफ्रास्ट्रक्चर पर खास ध्यान देने के साथ, हैदराबाद अब ग्लोबल AI क्रांति में अहम भूमिका निभा रहा है। यह आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का दशक है। AI मॉडल और कंप्यूटिंग पावर तक पहुंच तेज़ी से पब्लिक इंफ्रास्ट्रक्चर का हिस्सा बन रही है, और तेलंगाना में इस कंप्यूटिंग क्षमता की मौजूदगी हमें एक बड़ा फ़ायदा देती है।"

राज्य के सूचना प्रौद्योगिकी और उद्योग मंत्री डी. श्रीधर बाबू ने कहा कि यह प्रोजेक्ट कुछ महीने पहले दावोस में टाटा संस के चेयरमैन एन. चंद्रशेखरन और मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी के बीच हुई बातचीत का नतीजा है। 

हाइपरवोल्ट AI डेटा सेंटर्स लिमिटेड के CEO और MD दीपेश किरण नंदा ने कहा, "हम AI के भविष्य के हिसाब से इंफ्रास्ट्रक्चर बना रहे हैं। हाई डेंसिटी, लिक्विड कूलिंग, बड़े पावर ब्लॉक और तेज़ी से डिप्लॉयमेंट। हैदराबाद हमें प्रमुख AI कंपनियों और हाइपरस्केलर्स के लिए इसे बड़े पैमाने पर विकसित करने का आधार देता है।"

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News