हरियाणा में अंबाला के बाद अब दूसरे जिलों में भी फर्जीवाड़े की जांच शुरू, मांगा गया पूरा रिकॉर्ड

 | 
हरियाणा में अंबाला के बाद अब दूसरे जिलों में भी फर्जीवाड़े की जांच शुरू, मांगा गया पूरा रिकॉर्ड

Udaipur Times, Haryana News : हरियाणा से बड़ी खबर सामने आ रही है। हरियाणा अनुसूचित जाति वित्त एवं विकास निगम (HSFDC) से फर्जी जाति प्रमाणपत्रों के आधार पर ऋण लेने का अंबाला का मामला सामने आने के बाद अब सभी जिलों का रिकॉर्ड मांगा गया है।

जानकारी के मुताबिक अंबाला में वर्ष 2020 से 2022 के बीच ऋण वितरण में सामने आई गड़बड़ी की जांच के दौरान आशंका जताई गई है कि इसी तरह के मामले अन्य जिलों में भी हो सकते हैं। मिली जानकारी के अनुसार सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री कृष्ण कुमार बेदी ने मामला संज्ञान में आने के बाद सख्त आदेश दिए हैं।

जानकारी के अनुसार अब अन्य जिलों में भी इस अवधि के दौरान योजना का लाभ लेने वाले लोगों का रिकॉर्ड खंगालने की तैयारी है। अंबाला मामले में निगम के तत्कालीन जिला प्रबंधक चंद्र प्रकाश समेत आठ लाभार्थियों के खिलाफ महेश नगर थाने में मामला दर्ज हुआ है। निगम के पंचकूला स्थित अधीक्षक योगेश कुमार की शिकायत पर दर्ज एफआईआर में धोखाधड़ी और जालसाजी की धाराएं लगाई गई हैं।

8 लाभार्थियों ने लिए 5.65 लाख रुपये

शिकायत के अनुसार आठ लाभार्थियों को अनुसूचित जाति वर्ग से संबंधित बताकर विभिन्न ऋण योजनाओं के तहत कुल 5.70 लाख रुपये लिए गए। इनमें चार लोगों को 60-60 हजार, तीन को 75-75 हजार और एक लाभार्थी को एक लाख रुपये का ऋण मिला। जांच में कुछ जाति प्रमाणपत्रों में छेड़छाड़ सामने आने का आरोप है।

इस मामले में किसी को भी नहीं बख्शा जाएगा। प्रदेशभर से लाभार्थियों के आवेदन, जाति प्रमाणपत्र, ऋण स्वीकृति और वितरण से जुड़ा रिकॉर्ड मंगाया गया है। रिकॉर्ड की जांच में गड़बड़ी मिली तो लाभार्थियों के साथ ही अफसरों-कर्मियों की भूमिका भी जांची जाएगी। -कृष्ण कुमार बेदी, मंत्री सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News