धान कटने के बाद खेत में बची नमी बनेगी कमाई का जरिया, ऐसे उगाएं सरसों

 | 
धान कटने के बाद खेत में बची नमी बनेगी कमाई का जरिया, ऐसे उगाएं सरसों 

Udaipur Times, Farmer news : किसानों के लिए काम की खबर सामने आई है। धान की कटाई के बाद अक्सर किसानों के खेत कुछ समय के लिए खाली रह जाते हैं। ऐसे में किसान इस खाली समय का इस्तेमाल सरसों की खेती करके कर सकते हैं। जानकारी के लिए आपको बता दें की, धान की कटाई के बाद खेत में बची नमी सरसों के बीजों के अंकुरण में मदद कर सकती है। इससे किसानों को एक ही खेत से दूसरी फसल लेने का मौका मिलेगा और अतिरिक्त आमदनी का रास्ता भी खुल सकता है। 

जैसा की सरसों की खेती में समय का विशेष महत्व होता है। किसानों को धान की कटाई के बाद खेत की स्थिति देखकर जल्द बुवाई की तैयारी करनी चाहिए।कोशिश करें कि 30 नवंबर से पहले बुवाई पूरी कर ली जाए। बुवाई के लिए खेत में पर्याप्त नमी होना जरूरी है, ताकि बीजों का अंकुरण अच्छी तरह हो सके। अगर खेत में नमी कम है, तो जरूरत के अनुसार हल्की सिंचाई करके बुवाई की जा सकती है। 

मिली जानकारी के अनुसार, अंबाला कृषि विज्ञान केंद्र के कृषि विशेषज्ञ डॉ. राजेंद्र ने बताया कि सरसों की खेती में बेड मेथड यानी मेड़ पर बुवाई करना फायदेमंद हो सकता है। इस तरीके में खेत में निश्चित दूरी पर बेड बनाए जाते हैं और उनके ऊपर सरसों के बीज बोए जाते हैं। इससे पौधों के बीच उचित दूरी बनी रहती है और उन्हें बढ़ने के लिए पर्याप्त जगह मिलती है।

आजकल ऐसे कृषि यंत्र भी उपलब्ध हैं, जिनसे खेत में बेड बनाने के साथ-साथ बुवाई भी की जा सकती है। बेड के बीच में नालियां बन जाती हैं, जिनसे जरूरत के समय पानी दिया जा सकता है। अगर बेमौसम बारिश होती है, तो अतिरिक्त पानी नालियों के रास्ते बाहर निकल सकता है। इससे पौधों के आसपास पानी जमा होने की समस्या कम होती है।

इसके अलावा  उन्होंने जानकारी दी  कि सरसों की अच्छी पैदावार के लिए सबसे पहले खेत की तैयारी करनी चाहिए। धान की कटाई के बाद खेत में मौजूद नमी को ध्यान में रखते हुए जमीन को बुवाई के योग्य बनाएं। खेत में खरपतवार और फसल के अवशेषों का उचित प्रबंधन करें. इसके बाद मिट्टी की जांच के आधार पर खाद और उर्वरकों का इस्तेमाल करें।

जैसा की  कृषि विशेषज्ञ ने बताया कि बुवाई करते समय बीजों को उचित गहराई पर डालें और कतारों के बीच सही दूरी रखें। बीज की मात्रा और पौधों की दूरी का निर्धारण चुनी गई किस्म तथा बुवाई की विधि के अनुसार कृषि विशेषज्ञ की सलाह से करें। बीज प्रमाणित और अच्छी गुणवत्ता का होना चाहिए। 

जानकारी के लिए आपको बता दें की सरसों की फसल में हर समय अधिक पानी देने की जरूरत नहीं होती, लेकिन फूल आने और दाने बनने के समय खेत में पर्याप्त नमी रहनी चाहिए। मौसम को देखकर ही सिंचाई करें। अगर बारिश होने की संभावना है, तो पहले से सिंचाई करने से बचें, क्योंकि खेत में जरूरत से ज्यादा पानी जमा होने पर फसल को नुकसान हो सकता है।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News