रिटायरमेंट के बाद सैलरी की तरह मिल सकेगा PF का पैसा, जाने EPFO का नया फैसला ?
Udaipur Times, New Delhi : EPFO से जुड़ी बड़ी खबर सामने आ रही है। कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) ने अपने सदस्यों को भविष्य निधि खाते से रकम निकालने के 'सिस्टमैटिक विड्राल प्लान' (SWP) को मंजूरी दे दी है। नए प्लान में EPF खाताधारकों को रिटायरमेंट बचत को जरूरत के हिसाब से किस्तों में निकालने का विकल्प मिलेगा। यानी अब वे जमा भविष्य निधि की बचत को अपनी पसंद के अनुसार नियमित अंतराल जैसे मासिक, त्रैमासिक या छमाही निकाल सकेंगे। जबकि खाते में बाकी बची हुई राशि पर EPF का ब्याज मिलता रहेगा।
इसका सीधा सा अर्थ है कि कोई सेवानिवृत्ति के बाद PF की रकम को मासिक आधार पर लेने का विकल्प चुनता है तो उसे उसी तरह की अनुभूति होगी जैसे नौकरी के दौरान वेतन मिलता था। कर्मचारी भविष्य निधि संगठन न्यासी बोर्ड की गुरुवार को केंद्रीय श्रम एवं रोजगार मंत्री मनसुख मांडविया की अध्यक्षता में यहां हुई 240वीं बोर्ड बैठक में EPF सदस्यों की सुविधा बढ़ाने पर निर्णय लिया गया।
बोर्ड ने PF खाते में सदस्यों के लिए न्यूनतम बैलेंस की पिछले वर्ष तय की 25% की सीमा 10% कर दी है। नौकरी छूटने के बाद भविष्य निधि खाते से निकासी की पिछले वर्ष बढ़ाई एक वर्ष की प्रतीक्षा अवधि पूर्व की तरह दो माह की है। यानी अब दो माह तक बेरोजगार रहने के बाद EPF खाताधारक भविष्य निधि के अंतिम सेटलमेंट का दावा कर सकेंगे। पेंशन फंड से अंतिम निकासी के लिए न्यूनतम 36 माह प्रतीक्षा अवधि में बदलाव नहीं हुआ है।
सिस्टमैटिक विड्राल प्लान
बैठक के दौरान नए 'सिस्टमैटिक विड्राल प्लान' को शीघ्र लागू करने पर जोर दिया। उम्मीद है यह दो माह में लागू हो जाएगा। यह सुविधा स्वैच्छिक होगी। शुरुआती चरण में 55 वर्ष से ज्यादा उम्र के 6.32 लाख EPF सदस्य लाभ उठा सकेंगे, जिनके PF में पांच लाख से ज्यादा राशि है। भुगतान अवधि के दौरान सदस्य की मृत्यु हो जाती है तो नामित शेष राशि निकाल सकते हैं।
EPFO ने किया विचार
EPFO ने इस बात पर भी विचार किया कि सदस्य अपने नियोक्ता के पेरोल सिस्टम से अलग सीधे डिजिटल माध्यमों से अपने भविष्य निधि खाते में स्वैच्छिक योगदान कर सकें। बोर्ड द्वारा चर्चा किए गए एक अलग प्रस्ताव में यह व्यवस्था करने का सुझाव दिया गया है कि छोटे थर्ड-पार्टी योगदान जैसे टिप्स, उपहार और ईनाम को यूएएन से जुड़े PF खातों में जमा किया जा सके। इससे गिग वर्कर्स, प्लेटफार्म वर्कर्स, घरेलू कामगारों और असंगठित क्षेत्र के अन्य लोगों के लिए सेवानिवृत्ति बचत के विकल्प बढ़ सकते हैं।
न्यासी बोर्ड ने EPFO द्वारा वैकल्पिक निवेश फंड में निवेश को सैद्धांतिक रूप से इस शर्त के साथ मंजूरी दी है कि मौजूदा कुल निवेश सीमा के भीतर ही नए निवेश का तीन प्रतिशत इसमें लगाया जा सकता है। शुरुआत में यह निवेश सरकार समर्थित संस्थाओं के माध्यम से किया जाएगा।