वृद्धा को बंधक बनाकर लूटने के बाद पैर छुकर आशीर्वाद लिया
आमेट में अनोखी चोरी
राजसमन्द 12 जनवरी 2026। ज़िले के आमेट थाना क्षेत्र में चोरी की वारदातें थमने का नाम नहीं ले रही हैं। चोरों के बढ़ते हौसलों ने आमजन में भय का माहौल पैदा कर दिया है। कॉलेज रोड के पास स्थित एक मकान में बीती रात चोरों ने न केवल बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया, बल्कि इंसानियत और अपराध के बीच एक अजीब विरोधाभास भी छोड़ गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 70 वर्षीय बुजुर्ग महिला सोहनी बाई अपने घर में अकेली रहती हैं, जबकि उनके परिवार के अन्य सदस्य उदयपुर में निवास करते हैं। बीती रात करीब 7 से 9 बजे के बीच दो अज्ञात चोर मकान में घुस आए। चोरों ने महिला को धक्का दे दिया, जिससे वह नीचे गिर गई और उसके सिर में चोट आई।

इसके बाद चोरों ने बुजुर्ग महिला को बंधक बनाकर पास बैठाया और डर का माहौल बनाते हुए एक-एक कर उसके आभूषण उतरवाए। भयभीत महिला ने अपने प्राणों की रक्षा के लिए स्वयं अपने गहने खोलकर चोरों को सौंप दिए। चोर करीब 7 से 8 तोला सोना व अन्य कीमती सामान लेकर फरार हो गए।
बुजुर्ग महिला ने बताया कि जब चोर उसके पैरों की ओर बढ़े और नुकसान पहुंचाने की धमकी देने लगे, तो उसने भगवान की कसम दी और स्थानीय देव खजुरिया श्याम की शपथ दिलाई कि गहने किसी सोनार को बुलाकर ले जाएं। इसके बाद चोरों ने उसे गंभीर नुकसान नहीं पहुंचाया।
घटना के दौरान सबसे चौंकाने वाला दृश्य तब सामने आया जब जाते समय बुजुर्ग महिला ने चोरों से कहा कि “तुम मेरे पोते जैसे हो”। इस पर चोरों ने महिला के पैर छुए, आशीर्वाद लिया और कहा कि “तुम भी हमारी दादी जैसी हो”। चोरी जैसी संगीन वारदात के बीच इस तरह का व्यवहार क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।
गौरतलब है कि क्षेत्र में एक सप्ताह के भीतर यह दूसरी बड़ी चोरी की घटना है। इससे आमेट कस्बे में लोगों में भय और आक्रोश दोनों देखने को मिल रहे हैं। सूचना पर आमेट पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।
#AmetNews #RajsamandNews #RajasthanCrime #AmetTheft #CollegeRoadAmet #ElderlyWoman #GoldRobbery #LocalNewsRajasthan #UdaipurDivision #BreakingNews #UdaipurTimes #UdaipurTimesNews #UdaipurTimesOfficial