फिजियोथेरेपी में अग्रोहा मेडिकल ने किया यूनिवर्सिटी टॉप, हिसार की मुस्कान ने विश्वविद्यालय में हासिल किया प्रथम स्थान
Udaipur Times, अग्रोहा 18 अगस्त 2026 : महाराजा अग्रसेन मेडिकल कॉलेज, अग्रोहा के बैचलर ऑफ फिजियोथेरेपी द्वितीय वर्ष में छात्रा मुस्कान, पुत्री श्री गुलशन कुमार, निवासी हिसार ने पंडित भगवद् दयाल चिकित्सा विश्वविद्यालय रोहतक में प्रथम स्थान हासिल कर संस्थान का नाम गौरवान्वित किया है।
मुस्कान की इस शानदार उपलब्धि पर महाराजा अग्रसेन मेडिकल कॉलेज की अध्यक्षा श्रीमती सावित्री जिंदल ने बधाई देते हुए कहा कि विद्यार्थियों की सफलता किसी भी शिक्षण संस्थान के लिए सबसे बड़ा गौरव होती है। उन्होंने कहा कि मुस्कान ने अपनी मेहनत, लगन और प्रतिभा से न केवल अपने परिवार बल्कि पूरे संस्थान को गौरवान्वित किया है। उन्होंने मुस्कान के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
निदेशक पैरामेडिकल डॉ. आशुतोष शर्मा ने मुस्कान को बधाई देते हुए कहा कि विश्वविद्यालय में प्रथम स्थान प्राप्त करना उसकी कड़ी मेहनत, अनुशासन और शिक्षकों के मार्गदर्शन का परिणाम है। उन्होंने कहा कि ऐसी उपलब्धियां संस्थान के अन्य विद्यार्थियों को भी उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित करती हैं।
इस अवसर पर कॉलेज ऑफ फिजियोथेरेपी के प्राचार्य डॉ. पवन अग्रवाल ने भी मुस्कान को शुभकामनाएं दीं और उसकी उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त की।
मुस्कान ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, शिक्षकों और कॉलेज प्रबंधन के मार्गदर्शन एवं सहयोग को दिया। उसकी इस उपलब्धि पर कॉलेज के शिक्षकों एवं विद्यार्थियों ने भी प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उसे बधाई दी।
