Udaipur Times, Haryana News : हरियाणा से बड़ी खबर सामने आ रही है। बदलते अपराध के स्वरूप और बढ़ती डिजिटल चुनौतियों के बीच हरियाणा पुलिस पोलिसिंग में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के उपयोग को बढ़ाने की तैयारी कर रही है। इसी कड़ी में एआई टास्क फोर्स का गठन किया जाएगा। इसका नेतृत्व आईपीएस रैंक के अधिकारी को सौंपा जाएगा, जिन्हें हरियाणा पुलिस का एआई अफसर नॉमिनेट किया गया है।
टास्क फोर्स का उद्देश्य पोलिसिंग में एआई के सुरक्षित और व्यावहारिक इस्तेमाल को बढ़ावा देना व जांच और नागरिक सेवाओं को अधिक तेज व प्रभावी बनाना है। पुलिस पहले ही इन-हाउस ग्रीवांस मैनेजमेंट सिस्टम और कोर्ट रिटर्न्स पोर्टल जैसे डिजिटल समाधान विकसित कर रही है। पुलिस अधीक्षक साइबर मयंक गुप्ता के अनुसार, साइबर अपराध जांच में बड़ी मात्रा में डिजिटल और वित्तीय डेटा का विश्लेषण करना चुनौतीपूर्ण होता है। पुलिस टीम एआई की मदद से फाइनेंशियल ट्रेल के विश्लेषण पर भी काम कर रही है, जिससे संदिग्ध लेन-देन के पैटर्न, धन के प्रवाह और आपस में जुड़ी कड़ियों की पहचान में मदद मिलेगी।
डेटा-ड्रिवन व स्मार्ट होगी पुलिसिंग
हरियाणा पुलिस के महानिदेशक अजय सिंघल ने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस पुलिसिंग को अधिक डेटा-ड्रिवन, तेज और सटीक बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस को हम केवल एक नई तकनीक के रूप में नहीं, बल्कि भविष्य की पुलिसिंग को मजबूत करने वाले एक महत्वपूर्ण टूल के रूप में देख सकते हैं।