हरियाणा में हजारों करोड़ों रुपए से सभी नहरें और सिंचाई सिस्टम होगा चकाचक, सिंचाई मंत्री का बड़ा ऐलान
Udaipur Times, Haryana News, भिवानी : प्रदेश की सिंचाई जल संसाधन तथा महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रुति चौधरी और पूर्व राज्यसभा सांसद श्रीमति किरण चौधरी ने गुरुवार को स्थानीय विजय नगर स्थित अपने निवास स्थान पर पत्रकारों को संबोधित किया। केबिनेट मंत्री श्रुति चौधरी ने कहा कि प्रदेश में हजारों करोड़ों रुपए खर्च कर नहरों और सिंचाई सिस्टम को सुदृढ किया जा रहा है।
हर खेत को पर्याप्त पानी पहुंचाना सिंचाई विभाग का प्रमुख उद्ेश्य है। प्रदेश सरकार सिंचाई तंत्र को आधुनिक बनाने, किसानों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा जल संसाधनों के प्रभावी प्रबंधन के लिए लगातार कार्य कर रही है। वहीं पूर्व राज्यसभा सांसद श्रीमती किरण चौधरी ने कहा कि चौ. बंसीलाल राजकीय सामान्य अस्पताल किसी भी कीमत पर पंडित नेकीराम शर्मा मेडिकल कॉलेज में मर्ज नहीं होगा। दोनों जगह अलग-अलग ओपीडी चलेंगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के हाथों मेडिकल कॉलेज का शुभारंभ होना जिला वासियों के लिए सौभाग्य की बात है।
पत्रकारों को संबोधित करते हुए केबिनेट मंत्री श्रुति चौधरी ने बताया कि मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी किसान हितों को प्रमुखता से लेते हुए सिंचाई विभाग के कार्यों को तुरंत प्रभाव से मंजूरी प्रदान कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि अक्टूबर 2024 से अब तक सिंचाई विभाग के भिवानी जिले में 288 करोड़ रुपये की लागत से 91 विकास कार्य पूरे किए जा चुके हैं, जबकि 75 करोड़ रुपये की लागत से 29 विकास कार्य प्रगति पर हैं। एचएसडीआर एवं एफसीबी की 57वीं बैठक के तहत लगभग 56 करोड़ रुपये की लागत से 325 विकास कार्यों को स्वीकृति दी गई है, जिनमें से 14 कार्य पूर्ण हो चुके हैं तथा शेष कार्य शीघ्र पूरे कर लिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि बारिश के मौसम के चलते विभाग पूरी तरह अलर्ट है। प्रदेश में ड्रेनों की सफाई करवाई गई है,जिसका संबंधित गांवों के सरपंचों से लिखित में प्रमाणपत्र लिया है।
उन्होंनेे बताया कि लगभग 34 करोड़ रुपये की लागत वाली नई विकास परियोजनाओं को प्रशासनिक मंजूरी मिल चुकी है और इन पर जल्द कार्य प्रारंभ होगा। इसके अतिरिक्त नाबार्ड के अंतर्गत 197 करोड़ रुपये की लागत की 42 योजनाएं प्रस्तावित की गई हैं, जिनमें 51 करोड़ रुपये की लागत से मिताथल फीडर पुनर्वास परियोजना प्रमुख है। वहीं विश्व बैंक परियोजना के तहत लगभग 135 करोड़ रुपये की लागत की 18 परियोजनाएं प्रस्तावित हैं। इनमें 49 करोड़ रुपये की लागत से सुंदर उपशाखा का पुनर्वास तथा 80 करोड़ रुपये की लागत से 18 जल निकायों के पुनर्वास जैसी महत्वपूर्ण परियोजनाएं शामिल हैं।
उन्होंने बताया कि आज भिवानी जिले में कुल छह विकास कार्यों का उद्घाटन भी किया गया। इन कार्यों पर 7.56 करोड़ रुपये व्यय किए गए हैं, जिनमें खेतों के रास्तों का विकास, लोहारू फीडर पर तीन सर्व-मौसम पुलों का निर्माण तथा तीन बाढ़ सुरक्षा पाइपलाइन कार्य शामिल हैं। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं से दादरी शहर, नंदगांव और बिरही कलां क्षेत्र के लिए लगभग 1.48 करोड़ रुपये की बाढ़ सुरक्षा योजना को मजबूती मिलेगी तथा लगभग 900 एकड़ कृषि भूमि के लिए प्रभावी जल निकासी व्यवस्था सुनिश्चित होगी। लोहारू फीडर पर बने नए पुलों से ग्रामीण संपर्क, आवागमन, सार्वजनिक सुरक्षा और आवश्यक सेवाओं तक पहुंच में उल्लेखनीय सुधार होगा।
उन्होंने बताया कि चरखी दादरी जिले में वर्ष 2024 से अब तक सिंचाई एवं जल संरक्षण के क्षेत्र में अनेक महत्वपूर्ण कार्य किए गए हैं। 20.34 करोड़ रुपये की लागत से 23 पाइपलाइन निर्माण कार्य किए जा रहे हैं, जिनसे 18 गांवों को लाभ मिलेगा। इसके अलावा 41.30 करोड़ रुपये की लागत से बढ़वान क्षेत्र में प्रमुख परियोजना तथा 5.48 करोड़ रुपये की लागत से सिंचाई भवन का निर्माण किया जा रहा है। 15.29 करोड़ रुपये की लागत से 14 पुलों का निर्माण, 5.86 करोड़ रुपये की लागत से जल संरक्षण से जुड़े पांच कार्य तथा 18.09 करोड़ रुपये की लागत से बाढ़ सुरक्षा के लिए आधुनिक यांत्रिक पंप खरीदे गए हैं।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य आधुनिक सिंचाई व्यवस्था विकसित कर किसानों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना, जल संरक्षण को बढ़ावा देना तथा ग्रामीण क्षेत्रों में टिकाऊ आधारभूत ढांचे का निर्माण करना है। सरकार इन सभी परियोजनाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है।
राज्य सभा सांसद किरण चौधरी ने कहा कि भिवानी के मेडिकल कॉलेज की स्वीकृति के लिए उनके साथ-साथ श्रुति चौधरी ने बड़ी मेहनत की है और 50 से 60 बार पत्राचार किया, तब जाकर भिवानी को मेडिकल कॉलेज की सौगात मिली थी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी द्वारा मेडिकल कॉलेज का शुभारंभ करना जिला वासियों के लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि जिला मुख्यालय पर आयोजित होने वाले शुभारंभ समारोह में शामिल होने के लिए तैयारियां कर ली गई हैं। कार्यकर्ता पैदल समारोह तक जाएंगे। उन्होंने कहा कि लोगों में इस बात का उत्साह है कि प्रधानमंत्री पर्यावरण संरक्षण के चलते देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना कर रहे हैं। यह विकसित भारत की तरफ बढ़ते कदम हैं।
उन्होंने कहा कि किसानों को वर्ष 2022 और 23 का मुआवजा मिलने पर मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी का आभार जताया। वहीं कहा कि मुआवजा राशि दिलाने में भी उनके साथ-साथ श्रुति चौधरी की ही अहम भूमिका रही है। लोगों को सच्चाई का सब पता है। उन्होंने कहा कि किसानों के लिए मुआवजे की मांग उनके साथ-साथ सांसद धर्मबीर सिंह ने भी सदन में उठाई थी। मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने तुरंत प्रभाव से संज्ञान लेकर बीमा कंपनी को ब्लैक लिस्ट किया था। उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री स्व. चौ. बंसीलाल के बाद श्रुति चौधरी प्रदेश में सिंचाई सिस्टम में सुधार कर रही है।
