Amazon करेगा भारत में 4 लाख करोड़ का निवेश ! 28 लाख लोगों को मिलेगी नौकरियां
Udaipur Times, Amazon Announced Investment India : अमेरिकी ई-कॉमर्स दिग्गज कंपनी अमेजन ने भारत में अपने कारोबार के विस्तार और डिजिटल बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए बड़ा ऐलान किया है। कंपनी ने 2026 से 2030 के बीच भारत में कुल 48 अरब डॉलर (करीब 4 लाख करोड़ रुपये) निवेश करने की घोषणा की है। यह घोषणा अमेजन के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) एंडी जैसी की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात के दौरान की गई।
AI और क्लाउड इंफ्रास्ट्रक्चर पर 13 अरब डॉलर का अतिरिक्त निवेश
एंडी जैसी ने भारत के प्रति अमेजन की दीर्घकालिक प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि कंपनी 2030 तक देश में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और क्लाउड इंफ्रास्ट्रक्चर के विस्तार के लिए अतिरिक्त 13 अरब डॉलर का निवेश करेगी। इस घोषणा के साथ 2026-2030 के दौरान भारत में AI और क्लाउड इंफ्रास्ट्रक्चर पर अमेजन का कुल निवेश 21 अरब डॉलर से अधिक हो जाएगा, जिससे कंपनी देश में सबसे बड़े वैश्विक AI और क्लाउड निवेशकों में शामिल हो जाएगी।
मुंबई और हैदराबाद में बढ़ेगी डेटा सेंटर क्षमता
अमेजन वेब सर्विसेज (AWS) के तहत यह निवेश मुंबई और हैदराबाद में डेटा सेंटर क्षमता बढ़ाने पर केंद्रित होगा। इससे स्टार्टअप, उद्यमों और सरकारी संगठनों को कस्टम AI चिप्स, मैनेज्ड AI सेवाएं, सुरक्षित क्लाउड तकनीक और आधुनिक डेवलपर टूल्स की सुविधा मिलेगी।
कंपनी का कहना है कि इससे भारतीय कंपनियों को तेजी से नवाचार करने, अपने कारोबार का विस्तार करने और वैश्विक ग्राहकों तक पहुंचने में मदद मिलेगी।
2010 से 2030 तक भारत में 88 अरब डॉलर का निवेश
अमेजन के अनुसार, 2010 से 2030 तक भारत में उसका कुल निवेश 88 अरब डॉलर से अधिक हो जाएगा। एंडी जैसी ने कहा, "हम एक दशक से अधिक समय पहले भारत आए थे और तब से ई-कॉमर्स, AI, क्लाउड और अन्य व्यवसायों के जरिए ग्राहकों, विक्रेताओं, डेवलपर्स और स्टार्टअप्स की सेवा कर रहे हैं। भारत में हमें जबरदस्त प्रतिक्रिया मिली है और हमारा कारोबार तेजी से बढ़ रहा है।"
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित और आत्मनिर्भर भारत के विजन से कंपनी प्रेरित है और भारत की विकास यात्रा में दीर्घकालिक भागीदार बने रहने के लिए प्रतिबद्ध है।
छोटे कारोबारियों और रोजगार पर बड़ा असर
अमेजन ने बताया कि भारत में अपने संचालन के दौरान उसने अब तक 1.2 करोड़ छोटे व्यवसायों का डिजिटलीकरण किया है, 20 अरब डॉलर से अधिक का ई-कॉमर्स निर्यात संभव बनाया है और करीब 28 लाख नौकरियों को समर्थन दिया है।
इसके अलावा कंपनी 1 करोड़ से अधिक भारतीयों को क्लाउड स्किल्स की ट्रेनिंग भी दे चुकी है।
अगले पांच वर्षों के लिए बड़े लक्ष्य
कंपनी ने आने वाले वर्षों के लिए कई महत्वाकांक्षी लक्ष्य भी तय किए हैं। इनमें शामिल हैं:
38 लाख नौकरियों को समर्थन देना।
80 अरब डॉलर के संचयी निर्यात को बढ़ावा देना।
1.5 करोड़ छोटे व्यवसायों तक AI के लाभ पहुंचाना।
40 लाख सरकारी स्कूलों के छात्रों को AI शिक्षा उपलब्ध कराना।
अमेजन का मानना है कि यह निवेश भारत के डिजिटल परिवर्तन, रोजगार सृजन और तकनीकी विकास को नई गति देगा।
