Amul Plant : यहां लगने जा रहा है अमूल का सबसे बड़ा डेयरी प्लांट, हजारों लोगों को मिलेगा रोजगार

 | 
यहां लगने जा रहा है अमूल का सबसे बड़ा डेयरी प्लांट, हजारों लोगों को मिलेगा रोजगार

Udaipur Times, Amul  Dairy Plant in West Bengal : एक लंबे वक्त के बाद पश्चिम बंगाल में सत्ता परिवर्तन होने के बाद औद्योगिक क्रांति में बड़ा सुधार होने जा रहा है। इसी कड़ी में भारत की सबसे बड़ी  डेयरी कंपनी अमूल हावड़ा के सांकराइल स्थित फूड पार्क में लगभग 650 करोड़ रुपए की लागत से अपना पहला पूर्ण स्वामित्व वाला अत्याधुनिक डेयरी प्लांट स्थापित करने जा रही है। 14 जून को खुद केंद्रीय मंत्री अमित शाह इस परियोजना का शिलान्यास अपने हाथों से करेंगे।

औद्योगिक विकास को मिलेगा बढ़ावा 

इस समारोह में बड़ी संख्या में विशिष्ट अतिथि और दुग्ध उत्पादक किसानों के शामिल होने की संभावना जताई जा रही है। राज्य में सत्ता परिवर्तन के बाद औद्योगिक विकास को बढ़ावा देने की दिशा में यह सबसे बड़ी परियोजनाओं में से एक मानी जा रही है।

CM शुभेंदु अधिकारी ने GCMMF के साथ की थी बैठक

हाल ही में पश्चिम बंगाल के सीएम शुभेंदु अधिकारी ने सचिवालय नबान्न में गुजरात को-ऑपरेटिव  मिल्क मार्केटिंग फेडरेशन लिमिटेड (जीसीएमएमएफ) के प्रबंध निदेशक जयन मेहता और अमूल डेयरी के प्रमुख अमित व्यास की बैठक हुई थी। इसके बाद इस परियोजना को अंतिम रूप दिया गया।

प्रतिदिन अमूल प्लांट में होगा इतना उत्पादन 

हावड़ा के इस संयंत्र में प्रतिदिन 10 लाख किलोग्राम दही, लस्सी और छाछ का उत्पादन किया जायेगा।

इसे देश के सबसे बड़े डेयरी उत्पादन केंद्रों में शामिल करने की योजना है।

प्लांट का निर्माण गुजरात की एक कंपनी 2 चरणों में करेगी।

अमूल भविष्य में उत्तर बंगाल में भी डेयरी कारोबार का विस्तार करेगा।

अमूल के निवेश से बंगाल के दुग्ध उद्योग को नयी मजबूती मिलेगी।

हजारों लोगों के लिए खुलेंगे रोजगार के द्वार 

अमूल के इस डेयरी प्लांट का निर्माण होने से पश्चिम बंगाल में डेयरी इन्फ्रास्ट्रक्चर का विकास होगा। इससे  किसानों को बेहतर बाजार मिलेगा और हजारों लोगों के लिए प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार के अवसर सृजित होंगे।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News