हरियाणा में बरवाला-अग्रोहा रेलवे लाइन पर बनाया जाएगा ओवरब्रिज, कैबिनेट मंत्री ने की घोषणा
चंडीगढ़ 17 नवंबर : बरवाला-अग्रोहा मार्ग पर रेलवे लाइन पर फाटक बंद होने के चलते लगने वाले जाम से वाहन चालकों को निजात दिलाने के लिए यहां ओवर ब्रिज का निर्माण किया जाएगा। मंगलवार को हिसार जिला के श्री गौरक्षा सेवा समिति गौशाला बरवाला में 17वें वार्षिक महोत्सव के उपलक्ष्य में आयोजित गोपाष्टमी पूजन समारोह में शिरकत करने पहुंचे हरियाणा के लोक निर्माण एवं जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री रणबीर गंगवा ने यह घोषणा की। उन्होंने कहा कि यह रेल मार्ग एक व्यस्त रेल मार्ग है, जिस पर रेलगाड़ियों का आवागमन भी ज्यादा है और इस कारण से यहां पर फाटक बंद होने से अक्सर जाम लग जाता है, इससे आमजन को परेशानी होती है। इसलिए इस फाटक पर ओवर ब्रिज का निर्माण करवाया जाएगा।
गोपाष्टमी पूजन समारोह के दौरान उन्होंने गोमाता की पूजा कर आशीर्वाद लिया और प्रदेश एवं देश की सुख-समृद्धि तथा खुशहाली की कामना की। अपने संबोधन में कैबिनेट मंत्री ने कहा कि गाय भारतीय संस्कृति, सनातन परंपरा और ग्रामीण अर्थव्यवस्था का महत्वपूर्ण आधार रही है। गौसेवा केवल धार्मिक आस्था का विषय नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति की नैतिक जिम्मेदारी भी है। समारोह के दौरान कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा ने गौशालाओं को आर्थिक सहयोग के रूप में चेक भी वितरित किए।
उन्होंने श्री गो रक्षा सेवा समिति अग्रोहा रोड बरवाला को 17 लाख 34 हजार 287 रुपये तथा श्री गोपाल गौशाला टोहाना रोड को 17 लाख 45 हजार 323 रुपये की राशि के चेक सौंपे।
इसके अतिरिक्त उन्होंने दिव्यांग गौशाला के लिए 5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता भेजने के लिए भी कहा। कैबिनेट मंत्री ने कहा कि गौशालाएं बेसहारा गोवंश को संरक्षण देने के साथ समाज में सेवा, करुणा और संवेदनशीलता की भावना को मजबूत करने का सराहनीय कार्य कर रही हैं।
उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार गोवंश के संरक्षण और संवर्धन को लेकर गंभीरता से कार्य कर रही है। प्रदेश में गौशालाओं को प्रोत्साहन देने, उनके संचालन में सहयोग करने और बेसहारा गोवंश के लिए बेहतर व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने की दिशा में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार विकास के साथ-साथ सामाजिक, धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करने के लिए भी प्रतिबद्ध है।
कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा ने श्री गो रक्षा सेवा समिति के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि पिछले 17 वर्षों से गोसेवा की परंपरा को निरंतर आगे बढ़ाना सराहनीय कार्य है। ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को भारतीय संस्कृति, संस्कारों और सेवा भाव से जोडऩे में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने समाज के लोगों से गोवंश संरक्षण और गोसेवा के कार्यों में बढ़-चढक़र सहयोग देने का आह्वान किया।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री ने आगामी 12 दिसंबर को बरवाला में आयोजित होने वाले मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के कार्यक्रम की जानकारी देते हुए उपस्थित लोगों को कार्यक्रम में पहुंचने का निमंत्रण भी दिया। उन्होंने कहा कि 12 दिसंबर को बरवाला में एक विशाल जनसभा का आयोजन किया जाएगा जिसमें मुख्यमंत्री हल्का वासियों को अनेक सौगात देंगे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में प्रदेश में विकास कार्यों को निरंतर गति दी जा रही है और सरकार आमजन के हितों को ध्यान में रखकर कार्य कर रही है।
इस अवसर पर पूर्व चेयरमैन सतबीर वर्मा, रिटायर्ड आईपीएस डॉ दलबीर भारती, बरवाला नगर परिषद के चेयरमैन रमेश बैटरीवाला, पूर्व चेयरमैन रणधीर सिंह धीरू, बरवाला एसडीएम अश्वीर नैन सहित अन्य गौ सेवक व गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।