हरियाणा में आंगनबाड़ी वर्करों ने BDPO कार्यालय का किया घेराव, आंदोलन करने की दी चेतावनी
Udaipur Times, Haryana News : हरियाणा से बड़ी खबर सामने आई है। हरियाणा के सिरसा में आज बुधवार को आंगनबाड़ी वर्करों ने BDPO कार्यालय का घेराव किया और गेट पर खड़े होकर रोष प्रदर्शन करते हुए नारेबाजी की। जानकारी के अनुसार पता चला है कि आंगनबाड़ी वर्करों ने आरोप लगाए कि उनको पिछले 8 माह का मानदेय नहीं मिला है और न ही सेंटरों के किराए का भुगतान किया गया है। जिसके चलते उन्होंने रोष प्रदर्शन किया।
मिली जानकारी के अनुसार, आंगनबाड़ी वर्कर एसोसिएशन से जिला सचिव प्रोमिला ने बताया, उनका मानदेय हरियाणा और केंद्र सरकार से आता है। केंद्र सरकार से मानदेय नहीं आया है और एक साल से किराया नहीं दिया है। इसके अलावा रजिस्ट्रर भी खुद छपवा रहे हैं। किराया न मिलने पर मकान मालिक ने सेंटरों पर ताला लगा दिया है और सामान उठाने नहीं दे रहे। हेल्परों को टीए-डीए देने में भी भेदभाव किया जा रहा है।
जिला सचिव प्रोमिला ने कहा कि सरकार और प्रशासन उनकी सुनवाई नहीं कर रहा है। इसलिए इस भयंकर गर्मी में उनको धरना प्रदर्शन करना पड़ रहा है। प्रदर्शन कर रही आंगनबाड़ी वर्करों ने चेतावनी दी है कि जब तक उनकी मांगों को पूरा नहीं किया जाता, तब तक वह अपनी हाजिरी सेंटर में देंगे।
आंगनबाड़ी वर्करों ने कहा कि सिलेंडर न भरने पर राशन नहीं बनाएंगे। यदि किसी पर दबाव दिया तो सहन नहीं करेंगे। किसी के साथ हादसा होगा तो विभाग जिम्मेदार होगा।
जानकारी के मुताबिक, प्रोमिला ने बताया कि डायरेक्टर ने 30 जून तक टीए-डीए, सीबी मीटिंग, ड्रेस का उनके सारे भुगतान क्लीयर करने का आश्वासन दिया था। वो समय बीत गया है। विभाग ने दोबारा से कुछ नहीं बताया है। इसलिए उन्होंने आज कार्यालय का घेराव किया।
उन्होंने कहा कि अगर उनकी मांगे पूरी नहीं हुई तो वह बड़ा आंदोलन करने पर मजबूर होंगे और काम भी नहीं करेंगे। हाजिरी सीडीपीओ ऑफिस में लगाएंगे। गर्मी में किसी के साथ कुछ होता है तो विभाग इसका जिम्मेवार होगा।
खबरों की माने तो विभाग से अब उनके पास मैसेज आया है और कल वीरवार को मीटिंग के लिए बुलाया है।
