अंजना सिंह ने खेसारी लाल यादव समेत कई लोगों पर लगाए गंभीर आरोप, साइबर थाने पहुंचा मामला
Anjana Singh vs. Khesari Lal Controversy: भोजपुरी फिल्म अभिनेत्री अंजना सिंह ने सोशल मीडिया पर उनके और उनकी 11 वर्षीय बेटी की कथित AI-जनरेटेड आपत्तिजनक तस्वीरें और वीडियो वायरल किए जाने के मामले में लखनऊ के हजरतगंज साइबर क्राइम थाने में एफआईआर दर्ज कराई है। अंजना सिंह ने आरोप लगाया है कि यह सब एक सुनियोजित साजिश के तहत किया गया और इसमें भोजपुरी अभिनेता-गायक खेसारी लाल यादव की टीम से जुड़े कुछ लोगों की भूमिका है।
खेसारी लाल यादव के मैनेजर ने अंजना सिंह के खिलाफ अश्लील भाषा का इस्तेमाल किया
अंजना सिंह ने कहा कि पिछले कुछ दिनों से सोशल मीडिया पर उनकी और उनकी नाबालिग बेटी की मॉर्फ्ड और आपत्तिजनक तस्वीरें तथा वीडियो वायरल किए जा रहे हैं। उनके खिलाफ अश्लील भाषा का इस्तेमाल किया जा रहा है और जान से मारने की धमकियां भी दी जा रही हैं। उन्होंने दावा किया कि उन्हें लखनऊ न आने तक की धमकी दी गई है।
अभिनेत्री ने आरोप लगाया कि खेसारी लाल यादव के मैनेजर बताए जा रहे अखिलेश कश्यप ने उनके खिलाफ धमकी भरी भाषा का इस्तेमाल किया और उनकी टीम के लोगों ने उनके तथा उनकी बेटी को लेकर आपत्तिजनक गाने भी बनाए। उन्होंने कहा कि इन सभी बातों का उल्लेख एफआईआर में किया गया है।
एफआईआर में अंजना सिंह ने आरोप लगाया है कि सोशल मीडिया पर अश्लील और आपत्तिजनक सामग्री, मॉर्फ्ड तस्वीरें और आपराधिक धमकियां लगातार एक सुनियोजित अभियान के तहत प्रसारित की जा रही हैं। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
अंजना सिंह ने कहा कि उन्हें उत्तर प्रदेश सरकार और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर पूरा भरोसा है। उन्हें उम्मीद है कि पुलिस जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई करेगी।
पॉडकास्ट के बाद शुरू हुआ विवाद
अंजना सिंह के मुताबिक, हाल ही में उन्होंने एक पॉडकास्ट में अपने पसंदीदा भोजपुरी कलाकारों के बारे में बात की थी। इस दौरान उन्होंने रवि किशन और निरहुआ का नाम लिया, लेकिन खेसारी लाल यादव का जिक्र नहीं किया। इसके बाद सोशल मीडिया पर उन्हें ट्रोल किया जाने लगा और उनकी बेटी को भी निशाना बनाया गया।
इन लोगों पर लगाए आरोप
एफआईआर में खेसारी लाल यादव, उनके कथित मैनेजर अखिलेश कश्यप, फिल्म लेखक कृष्णा बेदर्दी और संजय यादव समेत कई लोगों के नाम शामिल किए गए हैं। अंजना सिंह का आरोप है कि इन लोगों से जुड़े सोशल मीडिया नेटवर्क के जरिए उनके खिलाफ अभियान चलाया गया।
सोशल मीडिया कंपनियों को नोटिस भेजने की मांग
अंजना सिंह ने साइबर पुलिस से इंस्टाग्राम, फेसबुक और यूट्यूब जैसी सोशल मीडिया कंपनियों को नोटिस जारी कर डिजिटल सबूत सुरक्षित रखने की मांग की है। उन्होंने संबंधित सोशल मीडिया अकाउंट्स की आईपी एड्रेस, लॉगिन डिटेल, डिवाइस और अन्य तकनीकी रिकॉर्ड की जांच कराने की भी अपील की है। फिलहाल खेसारी लाल यादव या उनकी टीम की ओर से इन आरोपों पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
