हरियाणा में बागवानी प्रशिक्षण के लिए आवेदन शुरू ! 'पहले आओ, पहले पाओ' के आधार पर होगा सलेक्शन

 | 
हरियाणा में बागवानी प्रशिक्षण के लिए आवेदन शुरू ! 'पहले आओ, पहले पाओ' के आधार पर होगा सलेक्शन 

Udaipur Times, Haryana News, चंडीगढ़ : हरियाणा सरकार के बागवानी विभाग के अंतर्गत उद्यान प्रशिक्षण संस्थान, उचानी (करनाल) द्वारा अक्टूबर 2026 माह में विभिन्न बागवानी विषयों पर पांच दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में भाग लेने के लिए हरियाणा राज्य के सभी जिलों के इच्छुक अभ्यर्थी उद्यान विभाग की आधिकारिक वेबसाइट kaushal.hortharyana.gov.in के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।

एक सरकारी प्रवक्ता ने बताया कि आवेदकों की न्यूनतम आयु 18 वर्ष होनी चाहिए और अभ्यर्थियों का चयन 'पहले आओ, पहले पाओ' के आधार पर किया जाएगा। पंजीकृत अभ्यर्थियों को प्रशिक्षण के लिए आते समय अपना आधार कार्ड, बैंक पासबुक तथा पैन कार्ड साथ लाना अनिवार्य है।

योजना के तहत प्रशिक्षार्थियों को बस किराया डीबीटी (DBT) के माध्यम से प्रदान किया जाएगा, जबकि प्रशिक्षण के दौरान उनके ठहरने और खाने की व्यवस्था पूरी तरह से निःशुल्क रहेगी। विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिन अभ्यर्थियों ने पूर्व में इन विषयों पर प्रशिक्षण प्राप्त कर लिया है, वे पुनः उसी विषय के लिए पंजीकरण न करवाएं।

अक्टूबर माह में आयोजित होने वाले प्रशिक्षण कार्यक्रमों में पहला प्रशिक्षण "फल व सब्जियों में प्रसंस्करण परिरक्षण एवं मूल्यवर्धन" पर 5 से 9 अक्टूबर तक आयोजित होगा, जिसकी 40 सीटों के लिए पंजीकरण 28 सितंबर (सुबह 10:00 बजे) से 4 अक्टूबर (सायं 5:00 बजे) तक खुला रहेगा। दूसरा कार्यक्रम "फल उत्पादन तकनीक" 12 से 16 अक्टूबर के बीच आयोजित किया जाएगा, जिसके लिए 40 सीटों पर आवेदन 28 सितंबर से 11 अक्टूबर (सायं 5:00 बजे) तक किए जा सकेंगे। इसी अवधि में 12 से 16 अक्टूबर तक "Nursery Management as per HHN Rules-2026" पर 20 सीटों के लिए प्रशिक्षण होगा, जिसके आवेदन 5 अक्टूबर से 9 अक्टूबर (सायं 5:00 बजे) तक लिए जाएंगे।  

उन्होंने बताया कि इसके उपरांत, "सब्जियों व फूलों की संरक्षित खेती व पॉली हाउस के रख-रखाव" पर 19 से 23 अक्टूबर तक 40 सीटों के लिए प्रशिक्षण आयोजित होगा, जिसके लिए पंजीकरण 5 अक्टूबर से 18 अक्टूबर (सायं 5:00 बजे) तक चालू रहेगा। अंतिम चरण में "खुम्ब उत्पादन एवं तुड़ाई उपरान्त प्रबंधन" पर 26 से 30 अक्टूबर के बीच 40 सीटों हेतु प्रशिक्षण दिया जाएगा, जिसके आवेदन 16 अक्टूबर से 23 अक्टूबर (सायं 5:00 बजे) तक स्वीकार किए जाएंगे।

प्रवक्ता ने आगे बताया कि ऑनलाइन आवेदन के अतिरिक्त, अभ्यर्थी कार्य दिवसों में प्रातः 9:00 बजे से सायं 5:00 बजे तक अपने संबंधित जिला उद्यान अधिकारी, उद्यान विकास अधिकारी या उद्यान प्रशिक्षण संस्थान उचानी (करनाल) में उपस्थित होकर भी अपना पंजीकरण करवा सकते हैं। किसी भी सहायता या प्रश्न के लिए मोबाइल नंबर 8570077877 या टोल फ्री नंबर 18001802021 पर संपर्क किया जा सकता है।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News