हरियाणा बोर्ड की सैकेण्डरी और सीनियर सैकेण्डरी परीक्षार्थियों के लिए आवेदन शुरू, ऐसे भरें फार्म ?
चंडीगढ़ 17 नवंबर : हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड भिवानी के अध्यक्ष डॉ० शंकर लाल धूपड़ ने बताया कि शिक्षा बोर्ड द्वारा संचालित करवाई जाने वाली सैकेण्डरी/सीनियर सैकेण्डरी परीक्षा मार्च-2027 के लिए जो परीक्षार्थी कंपार्टमेंट, Additional Qualified, आंशिक/ पूर्ण विषय अंक सुधार तथा अतिरिक्त विषय श्रेणी की परीक्षा देना चाहते हैं, वे 17 नवंबर, 2026 से बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट www.bseh.org.in पर आवेदन कर सकते हैं।
उन्होंने बताया कि ऐसे स्वयंपाठी परीक्षार्थी जो कंपार्टमेंट,Additional Qualified, आंशिक/ पूर्ण विषय अंक सुधार तथा अतिरिक्त विषय श्रेणी की परीक्षा देना चाहते हैं, वे सैकेण्डरी के लिए 1150 रूपये तथा सीनियर सैकेण्डरी के लिए 1200 रूपये एकमुश्त आवेदन शुल्क के साथ 17 नवंबर से 28 नवंबर, 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। इसके अतिरिक्त 100 रूपये प्रति प्रायोगिक विषय परीक्षार्थी को अलग से देय करना होगा।
उन्होंने बताया कि इसके पश्चात परीक्षार्थी 100 रूपये विलंब शुल्क सहित 29 नवंबर से 05 दिसंबर तक, 300 रूपये विलंब शुल्क सहित 06 दिसंबर से 12 दिसंबर तक तथा 1000 रूपये विलंब शुल्क सहित 13 से 18 दिसंबर, 2026 तक आवेदन कर सकते हैं।
उन्होंने आगे बताया कि मार्च/जुलाई/सितंबर-2026 की परीक्षा में अपीयर हुए परीक्षार्थी जिनका मुख्य परीक्षा परिणाम पास था लेकिन किसी एक अनिवार्य विषय में अनुत्तीर्ण हैं, ऐसे परीक्षार्थी भी Additional Qualified श्रेणी में उपरोक्त तिथियों में बोर्ड की वेबसाइट पर दिए गए लिंक पर पिछला अनुक्रमांक दर्ज करते हुए ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
श्री धूपड़ ने बताया कि कुछ परीक्षार्थियों द्वारा ऑनलाइन आवेदन फार्म में केवल विवरण भरकर अधूरा छोड़ दिया जाता है, लेकिन परीक्षा शुल्क का समायोजन नहीं किया जाता तथा उसी अधूरे पंजीकरण को ही सफल मान लिया जाता है,जबकि सफल पंजीकरण से अभिप्राय है कि ऑनलाइन आवेदन फार्म के साथ-साथ परीक्षा शुल्क का भी बोर्ड द्वारा निर्धारित बैंक खाते में जमा होना। इसलिए समय रहते ऑनलाइन आवेदन करना सुनिश्चित करें, अन्तिम तिथि उपरांत कोई अतिरिक्त समय देय नहीं होगा।
उन्होंने बताया कि ऑनलाइन आवेदन करते समय किसी प्रकार की तकनीकी कठिनाई आने पर परीक्षार्थी ई-मेल आई.डी. assec@bseh.org.in, assrs@bseh.org.in एवं हैल्पलाईन नं0 01664-254300 पर संपर्क कर सकते हैं।