हरियाणा की इन ITI में दाखिले के लिए जल्दी करें आवेदन, लास्ट डेट बिल्कुल नजदीक

 | 
हरियाणा की इन ITI में दाखिले के लिए जल्दी करें आवेदन, लास्ट डेट बिल्कुल नजदीक

Udaipur Times, Haryana News : हरियाणा कौशल विकास एवं औद्योगिक प्रशिक्षण विभाग द्वारा शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए राज्य के सभी राजकीय एवं निजी औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (आईटीआई) में प्रवेश प्रक्रिया जारी है। गुरुग्राम जिले के 04 राजकीय एवं 04 निजी आईटीआई में विभिन्न ट्रेडों में कुल 1784 सीटों पर प्रवेश के लिए ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। इच्छुक अभ्यर्थी विभाग की वेबसाइट पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। प्रवेश के लिए आवेदन की अंतिम तिथि 15 जून निर्धारित की गई है।

जिला नोडल अधिकारी एवं राजकीय आईटीआई गुरुग्राम के प्रधानाचार्य रविंद्र कुमार ने बताया कि आईटीआई में एक वर्षीय एवं दो वर्षीय विभिन्न तकनीकी ट्रेडों में प्रशिक्षण प्राप्त कर युवा अपने कौशल को विकसित कर बेहतर रोजगार के अवसर हासिल कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि विभाग द्वारा शत-प्रतिशत दाखिले सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं तथा अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए संस्थानों में हेल्प डेस्क की व्यवस्था भी की गई है।

आईटीआई में प्रवेश लेने के इच्छुक अभ्यर्थियों के पास शैक्षणिक योग्यता प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र, परिवार पहचान पत्र (पीपीपी), आधार कार्ड, रिहायशी प्रमाण पत्र, मोबाइल नंबर, ई-मेल आईडी तथा नवीनतम पासपोर्ट आकार का फोटो होना आवश्यक है। सामान्य वर्ग के लिए आवेदन शुल्क 100 रुपये तथा आरक्षित वर्ग के लिए 50 रुपये निर्धारित किया गया है, जबकि महिला अभ्यर्थियों के लिए आवेदन शुल्क पूर्णतः निशुल्क रखा गया है।

प्रधानाचार्य रविंद्र कुमार ने बताया कि संस्थानों में संचालित ड्यूल ट्रेनिंग सिस्टम (डीएसटी) के तहत विद्यार्थियों को तकनीकी प्रशिक्षण के साथ-साथ उद्योगों की आवश्यकताओं के अनुरूप व्यावहारिक प्रशिक्षण भी प्रदान किया जाता है। प्रशिक्षण के दौरान कई औद्योगिक प्रतिष्ठानों द्वारा विद्यार्थियों को मानदेय भी दिया जाता है। इन ट्रेडों में प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद सरकारी एवं निजी क्षेत्र में रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध होते हैं।

उन्होंने बताया कि आईटीआई में प्रवेश लेने वाले विद्यार्थियों को रियायती बस पास, एनसीसी सुविधा, पासपोर्ट बनवाने के लिए 1500 रुपये की एकमुश्त सहायता राशि, अनुसूचित जाति एवं पिछड़ा वर्ग के विद्यार्थियों के लिए छात्रवृत्ति तथा अनुसूचित जाति के विद्यार्थियों सहित सभी छात्राओं को 1000 रुपये मूल्य की निःशुल्क टूल किट जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाती हैं।

आईटीआई पास करने के उपरांत संस्थानों में नियमित रूप से रोजगार मेलों का आयोजन किया जाता है, जिनके माध्यम से विद्यार्थियों को विभिन्न औद्योगिक प्रतिष्ठानों एवं सरकारी कार्यालयों में अप्रेंटिसशिप और रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जाते हैं। इसके अतिरिक्त हिंदी एवं अंग्रेजी विषय की परीक्षा उत्तीर्ण करने पर हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड द्वारा 10वीं एवं 12वीं के समकक्ष योग्यता का लाभ भी प्राप्त होता है। सेना भर्ती (अग्निवीर योजना) में भी आईटीआई विद्यार्थियों को अतिरिक्त अंक प्रदान किए जाते हैं।

प्रधानाचार्य रविंद्र कुमार ने जिले के सभी इच्छुक युवाओं एवं उनके अभिभावकों से अपील की है कि वे अंतिम तिथि की प्रतीक्षा किए बिना जल्द से जल्द ऑनलाइन आवेदन कर प्रवेश प्रक्रिया में भाग लें। उन्होंने कहा कि तकनीकी शिक्षा और कौशल विकास आज के समय में रोजगार प्राप्त करने का सबसे प्रभावी माध्यम बनकर उभरा है।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News