भारत के लिए एशिया चैंपियनशिप में अरिहा पंगमबम ने रचा इतिहास, एरोबिक जिम्नास्टिक में जीता पहला गोल्ड मेडल
Udaipur Times, Manipur's Golden Girl Ariha Pangambam Becomes First Indian : मणिपुर की अरिहा पंगमबम ने एशियन चैंपियनशिप की एरोबिक जिम्नास्टिक प्रतियोगिता में गोल्ड मेडल जीतकर इतिहास रच दिया। इसके साथ ही अरिहा पंगमबम भारत की पहली एरोबिक जिम्नास्ट बन गई हैं, जिन्होंने एशियन चैंपियनशिप में गोल्ड मेडल अपने नाम किया है। अरिहा ने जिम्नास्ट ने प्रतियोगिता में भारत को पहला गोल्ड दिलाने के लिए फाइनल में 19.100 के स्कोर के साथ पहला स्थान हासिल किया है।
अरिहा ने यह खिताब अपने नाम करने के लिए आर्टिस्ट्री में 8.650, एग्जीक्यूशन में 7.600 और डिफिकल्टी में 2.850 का स्कोर किया। अरिहा की इस उपलब्धि पर जिम्नास्टिक्स फेडरेशन ऑफ इंडिया के अध्यक्ष सुधीर मित्तल ने कहा, “हमारे लिए यह एक बड़ी उपलब्धि है। उसने बहुत अच्छा प्रदर्शन किया। उसे और उसके कोच को बहुत-बहुत बधाई।”
मणिपुर के मुख्यमंत्री बिरेन सिंह ने अरिहा को दी बधाई
स्पोर्ट्स कैपिटल के नाम से मशहूर हो चुके मणिपुर के मुख्यमंत्री बिरेन सिंह ने अरिहा को बधाई देते हुए सोशल मीडिया पोस्ट पर लिखा, “हमारी प्रतिभाशाली बेटी अरिहा पंगमबम को एशियन एरोबिक जिम्नास्टिक चैंपियनशिप में 19.100 के उत्कृष्ट स्कोर के साथ सीनियर व्यक्तिगत महिला वर्ग में स्वर्ण पदक जीतने वाली पहली भारतीय बनकर इतिहास रचने पर मैं सहृदय बधाई देता हूं।
मुख्यमंत्री ने आगे लिखा, “यह वास्तव में भारतीय जिम्नास्टिक और मणिपुर के लिए एक गर्व का क्षण है। आपके साहस, दृढ़ता और उत्कृष्टता ने लाखों लोगों को प्रेरित किया है। हमारे राज्य की गौरवांवित खेल विरासत को आगे बढ़ाते हुए आपको भविष्य में और भी कई सफलताओं की हार्दिक शुभकामनाएं।”
