तेरा झाड़ू चल गया.......  दिल्ली में आप की सूनामी

अरविन्द केजरीवाल की दिल्ली में जबरदस्त जीत, आप को 62 सीट, 8 पर सिमटी भाजपा, कांग्रेस शून्य पर 
 | 

आप के अरविन्द केजरीवाल, मनीष सिसोदिया, सौरभ भारद्वाज, सत्येंद्र जैन, अमानतुल्लाह खान, सोमनाथ भारती, आतिशी जीती

आप के बागी कपिल मिश्रा, भाजपा के तेजिंदर पाल बग्गा, कांग्रेस के अरविंदर लवली, अलका लाम्बा की करारी हार

अरविन्द केजरीवाल और आप पार्टी दिल्ली विधानसभा चुनाव में 70 सीटों में से 50 सीटों पर जीत दर्ज चुकी और 12 सीटों पर बढ़त बनाने वाली आम आदमी पार्टी (आप) को स्पष्ट बहुमत मिलना तय हो चूका है। वहीँ भाजपा 6 सीटों पर जीत दर्ज कर चुकी है और 2 सीटों पर बढ़त बनाये हुए है। कांग्रेस का इस चुनाव में अब तक खाता नहीं खुल पाया है। हालाँकि अंतिम परिणाम अभी बाकी है।  

भारी भरकम लवाजमे और प्रचार में एड़ी चोटी का ज़ोर लगाने के बाद भी भाजपा कुछ ख़ास नहीं कर पाई। यहाँ तक की प्रचार में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविन्द केजरीवाल को आतंकवादी भी कहा गया लेकिन दिल्ली की जनता ने सब कुछ नकारते हुए अरविन्द केजरीवाल और उसकी पार्टी को प्रचंड बहुमत देकर अपने सर आँखों पर बिठाया और दिल्ली का ताज केजरीवाल के सर पर सजा दिया।


नेताओं का बदजुबानी, शाहीन बाग पर बेवजह बेतुके बोल
भाजपा को अपने नेताओं की बदजुबानी भी भारी पड़ी। परिणामो से ज़ाहिर है की दिल्ली वालो को कुछ बीजेपी नेताओं के 'जहरीले बोल' रास नहीं आए। शाहीन बाग को लेकर प्रवेश वर्मा, अनुराग ठाकुर और कपिल मिश्रा जैसे नेताओं ने घोर आपत्तिजनक बयान दिए। ईसी को तीनों के चुनाव प्रचार पर बैन भी लगाना पड़ा। वर्मा ने शाहीन बाग की कश्मीर से तुलना कर दी और कहा कि ये प्रदर्शनकारी घरों में घुसकर बहन-बेटियों पर ज्यादती करेंगे। आप से बागी होकर से बीजेपी में आए कपिल मिश्रा ने तो दिल्ली चुनाव को भारत बनाम पाकिस्तान की लड़ाई करार दिया। 
केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर 'गोली मारो गद्दारों को' नारे लगवाते दिखे। सीएए विरोधी प्रदर्शनों का केंद्र बनकर उभरे शाहीन बाग को 'तौहीन बाग' कहा गया। खुद केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह लगातार सभाओं में यह कहते रहे कि ईवीएम का बटन इतना तेज दबाना कि करंट शाहीन बाग तक पहुंचे। योगी आदित्यनाथ 'बिरयानी नहीं गोली' की बात करते रहे।

पटपड़गंज से उप-मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया 12 राउंड की गिनती तक पीछे चले और 13वें राउंड में आगे हुए। उन्होंने अपनी जीत पर कहा कि भाजपा ने नफरत की राजनीति की, पर दिल्ली ने काम करने वालों को चुना। भाजपा ने कहा कि हम दिल्ली का जनादेश स्वीकार करते हैं। पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने केजरीवाल को जीत की बधाई दी और कहा कि हम सकारात्मक विपक्ष की भूमिका निभाएंगे। दिल्ली विधानसभा चुनाव में AAP की जीत पर प्रधानमंत्री मोदी ने अरविंद केजरीवाल को ट्विटर पर बधाई दी ।
 

70 विधानसभा सीटों के लिए 8 फरवरी को 62.59% वोट डाले गए थे। भाजपा 22 साल और कांग्रेस 7 साल से सत्ता से दूर है। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल तीसरी बार सीएम बनने जा रहे हैं। वे पहली बार 2013 में 48 दिन इस पद पर रहे, फिर इस्तीफा दे दिया था। उन्होंने दूसरी बार 14 फरवरी 2015 को सत्ता संभाली थी।

कांग्रेस नेता संदीप दीक्षित ने कहा- कांग्रेस की परफॉर्मेंस अप्रत्याशित नहीं है, हम कहीं थे ही नहीं। कुछ वरिष्ठ पार्टी नेताओं ने ही पिछले 6-7 साल में शीलाजी के बारे में बुराई की। आप एक तरफ कांग्रेस को हराने का काम कर रहे हैं। दूसरी तरफ आप शीलाजी के काम का क्रेडिट ले रहे हैं, कौन आप पर भरोसा करेगा?

उदयपुर में भी मना जश्न 

दिल्ली विधानसभा में आप को भरपूर समर्थन मिलने पर लेकसिटी के आप कार्यकर्ताओ में ख़ुशी की लहर दौड़ गई। आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता और समर्थक शहर के सूरजपोल चौराहे पर एकत्र होकर आम आदमी पार्टी एयर अरविंद केजरीवाल के समर्थन में नारेबाजी की और मिठाई खिलाकर एक दूसरे को बधाई देते नज़र आये। 

उदयपुर में जश्न मनाते कार्यकर्ता

इस अवसर पर आम आदमी पार्टी के अशोक बोहरा, भरत कुमावत, मोहम्मद हनीफ खान, राजेश चौहान, सी पी सिंह, दीपेश शर्मा, हेमंत पालीवाल आदि कार्यकर्ताओ ने जश्न मनाया और और इस ऐतिहासिक जीत को लोकतंत्र और आम आदमी की जीत बताया। आप कार्यकर्ताओ ने संयम बरतते हुए अरविन्द केजरीवाल की अपील पर आतिशबाज़ी नहीं की।       

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News