ऐतिहासिक उपन्यास ‘महर्षि हारीत एवं श्री बप्पारावल’ का अरविन्द सिंह मेवाड़ ने किया विमोचन
उदयपुर, 7 दिसम्बर 2019। उदयपुर के साहित्यकार श्याम सुन्दर भट्ट केे महर्षि श्री हारीत राशि एवं मेवाड़ के मूल नरेश श्री बप्पारावल पर तथ्यपरक ऐतिहासिक उपन्यास ‘महर्षि श्री हारीत एवं श्री बप्पारावल’ का शम्भु निवास में अरविन्द सिंह मेवाड़ ने विमोचन किया।
257 पृष्ठों के इस ऐतिहासिक उपन्यास में पहली बार उस कालखंड के सिद्ध संत महर्षि हारीत एवं उनके शिष्य बप्पारावल पर इतनी वृहत ऐतिहासिक जानकारियों को उपन्यास के रूप में प्रस्तुत किया गया है। किस प्रकार चित्तौड़, भीनमाल एवं कन्नोज में महर्षि हारीत ने सत्ता परिवर्तन करवाया को उपन्यास में प्रस्तुत किया है।
श्री भट्ट ने अपने उपन्यास में इतिहास एवं साहित्य की पुस्तकों में छितराए साक्ष्यों के आधार पर महाराज हर्ष के बाद की समयावधि में भारतवर्ष की राजनैतिक हलचलों की समीक्षा कर उस कालखंड के महर्षि श्री हारीत और उनके शिष्य श्री बप्पारावल द्वारा जनहित में किए गए प्रयत्नों को उपन्यासिक सूत्रों में बांधने की सफल परिणति की है। यह देश का प्रथम शोधपरक उपन्यास है।
उपन्यास विमोचन के मौके पर लेखक भट्ट ने महाराणा मेवाड़ चैरिटेबल फाउण्डेशन, उदयपुर के अध्यक्ष एवं प्रबंध न्यासी श्रीजी अरविन्द सिंह मेवाड़ को उपन्यास से जुडे़ ऐतिहासिक तथ्यों एवं शोधपरक नई जानकारियों पर विस्तार से जानकारी प्रदान की।