150 वर्ष पुराने विद्यालय का जीर्णोद्धार करेंगे अरविन्द सिंह मेवाड़

महाराणा मेवाड़ चेरिटेबल फाउण्डेशन द्वारा यहां जगदीश चौक स्थित राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय का शीघ्र ही जीर्णोद्धार किया जाएगा।

 | 

महाराणा मेवाड़ चेरिटेबल फाउण्डेशन द्वारा यहां जगदीश चौक स्थित राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय का शीघ्र ही जीर्णोद्धार किया जाएगा।

महाराणा मेवाड़ चेरिटेबल फाउण्डेशन के उपसचिव विकास डॉ. मयंक गुप्ता ने बताया कि 150 वर्ष पूर्व मेवाड़ शासकों द्वारा स्थापित इस विद्यालय के भवन का विरासत एवं ऐतिहासिक महत्व को ध्यान में रखते हुए फाउण्डेशन इसका जीर्णोद्धार करेगा। विद्यालय प्रशासन द्वारा आगामी 2 नवंबर 2014 को स्कूल का 150वां वार्षिक समारोह मनाया जाएगा।

उल्लेखनीय है कि पूर्व महाराणा शंभू सिंह ने उदयपुर में इस पहले विद्यालय का निर्माण करवाया। तत्पश्चात महाराणा सज्जन सिंह ने इसे अपने पिता शंभू सिंह के नाम से विद्यालय का नाम शंभूरत्न पाठशाला रखवाया। यहां पर खासतौर से बालिकाओं के लिए हिन्दी, अंग्रेजी, उर्दू एवं गणित के विषय विशेषज्ञ नियुक्त किए गए। जिन्होंने वर्षों तक विद्यार्थियों को शिक्षित किया।

करीब 150 वर्ष पूर्व का यह भवन बाद में शिक्षा विभाग के अधीन हो गया किन्तु अत्यंत प्राचीन होने पर इसके रखरखाव की बेहद आवश्यकता हुई। वर्तमान में स्कूल के प्राचार्य श्रीमती दामिनी दांत्या के निर्देशन में 600 से अधिक बालिकाएं शिक्षा प्राप्त कर रही है। कक्षा 9वीं से 12वीं तक चलने वाले इस विद्यालय के जीर्णोद्धार की आवश्यकता को लेकर स्कूल प्रशासन ने महाराणा मेवाड़ चेरिटेबल फाउण्डेशन उदयपुर से सहयोग चाहा।

फाउण्डेशन के अध्यक्ष एवं प्रबंध न्यासी श्रीजी अरविन्द सिंह मेवाड़ ने इसकी आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए प्रस्ताव को स्वीकृत कर लिया है। फाउण्डेशन आगामी सोमवार सुबह शुभ मूहूर्त में स्कूल का जीर्णोद्धार प्रारंभ करेगा। इस कार्य के प्रथम चरण में विद्यालय के बाहरी हिस्सों को दुरस्त किया जाएगा।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News