हरियाणा में 10 हजार रुपये रिश्वत लेते थाना ASI गिरफ्तार, ACB टीम का बड़ा एक्शन

 | 
हरियाणा में 10 हजार रुपये रिश्वत लेते थाना ASI गिरफ्तार, ACB टीम का बड़ा एक्शन  

Udaipur Times, Haryana News, चंडीगढ़/झज्जर : राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने कार्रवाई करते हुए थाना सांपला, जिला रोहतक में तैनात सहायक उपनिरीक्षक (एएसआई) दिनबंधु को 10,000 रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी पर शिकायतकर्ता से उसके बेटे और बेटे के दोस्त को एक आपराधिक मामले में राहत दिलाने तथा मारपीट की धमकी  देने की एवज में 50,000 रुपये रिश्वत मांगने का आरोप है।

मामले में राहत दिलाने के बदले मांगी थी 50 हजार रुपये रिश्वत

शिकायतकर्ता ने एसीबी को शिकायत दी थी कि उसके बेटे नितेश और उसके दोस्त के खिलाफ थाना सांपला, जिला रोहतक में मामला दर्ज है। शिकायत के अनुसार, इस मामले में राहत दिलाने तथा उसके बेटे और उसके दोस्त के साथ मारपीट न करने के एवज में एएसआई दिनबंधु द्वारा 50,000 रुपये रिश्वत की मांग की गई थी। शिकायतकर्ता के अनुसार, आरोपी पहले ही 40,000 रुपये रिश्वत के रूप में ले चुका था और शेष 10,000 रुपये की मांग कर रहा था।

शेष 10 हजार रुपये लेते हुए रंगे हाथ पकड़ा

शिकायत प्राप्त होने के बाद एसीबी की टीम ने नियमानुसार कार्रवाई करते हुए ट्रैप लगाया। कार्रवाई के दौरान आरोपी एएसआई दिनबंधु को शिकायतकर्ता से 10,000 रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी दिनबंधु, पुत्र श्री भागचंद, उम्र 50 वर्ष, निवासी गांव खरबाला, जिला हिसार, थाना सांपला में तैनात था। यह ट्रैप कार्रवाई राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो, उपकेंद्र झज्जर की टीम द्वारा की गई। आरोपी के खिलाफ अभियोग संख्या 33, दिनांक 12 अक्टूबर 2026, भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7 के तहत थाना राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो, रोहतक में मामला दर्ज किया गया है।

भ्रष्टाचार के खिलाफ एसीबी की कार्रवाई जारी

राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो द्वारा भ्रष्टाचार के मामलों में लगातार कार्रवाई की जा रही है। एसीबी ने आमजन से अपील की है कि यदि कोई सरकारी अधिकारी या कर्मचारी किसी कार्य के बदले रिश्वत की मांग करता है, तो इसकी सूचना तुरंत ब्यूरो को दें। भ्रष्टाचार संबंधी शिकायत टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 1064 अथवा 1800-180-2022 पर दी जा सकती है। इसके अतिरिक्त, व्हाट्सऐप हेल्पलाइन नंबर 94178-91064 पर भी शिकायत दर्ज करवाई जा सकती है।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News