24 की उम्र में बनीं IPS ! नेताओं को सबक सिखाने वाली 'लेडी सिंघम' को मिली अब बड़ी जिम्मेदारी
Udaipur Times, Success Story of IPS Anushtha Kalia : राजस्थान पुलिस की तेजतर्रार IPS अधिकारी और 'लेडी सिंघम' के नाम से मशहूर अनुष्ठा कालिया को बड़ी जिम्मेदारी सौंपी गई है। राज्य सरकार की ओर से जारी 18 IPS अधिकारियों की तबादला सूची में उनका नाम भी शामिल है। बीकानेर सदर की सहायक पुलिस अधीक्षक (ASP) रहीं अनुष्ठा कालिया को अब जयपुर पुलिस कमिश्नरेट में पुलिस उपायुक्त (मुख्यालय) नियुक्त किया गया है। राजधानी जयपुर में वे कानून-व्यवस्था, प्रशासनिक कार्यों और क्राइम कंट्रोल की जिम्मेदारी संभालेंगी।
अनुष्ठा कालिया ने कहा कि वह जल्द ही जयपुर में कार्यभार संभालेंगी और उनकी प्राथमिकता सख्त, पारदर्शी और प्रभावी पुलिसिंग होगी।

24 साल की उम्र में
दिल्ली के द्वारका में 18 नवंबर 1997 को जन्मीं अनुष्ठा कालिया बचपन से ही मेधावी छात्रा रही हैं। उनके पिता पुष्पेंद्र कालिया निजी क्षेत्र से सेवानिवृत्त हैं, जबकि उनकी मां बेला देवी कानून मंत्रालय (Ministry of Law) में कार्यरत हैं।
बीटेक की पढ़ाई पूरी करने के बाद उन्होंने यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा 2021 की तैयारी शुरू की और पहले ही प्रयास में ऑल इंडिया रैंक 143 हासिल कर महज 24 वर्ष की उम्र में IPS अधिकारी बन गईं।
ट्रेनिंग में जीता 'स्वॉर्ड ऑफ ऑनर'
IPS प्रशिक्षण के दौरान अनुष्ठा कालिया ने शानदार प्रदर्शन किया। उन्हें सर्वश्रेष्ठ आउटडोर प्रोबेशनर के लिए प्रतिष्ठित 'स्वॉर्ड ऑफ ऑनर' से सम्मानित किया गया। यह सम्मान केवल उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले चुनिंदा प्रशिक्षु अधिकारियों को दिया जाता है।
AGMUT कैडर से राजस्थान तक का सफर
यूपीएससी में सफलता के बाद अनुष्ठा कालिया को शुरुआत में AGMUT कैडर आवंटित हुआ, जहां उन्होंने अंडमान-निकोबार में सेवाएं दीं। बाद में अपने बैचमेट और IPS अधिकारी विशाल जांगिड़ से विवाह के आधार पर सितंबर 2025 में उनका कैडर बदलकर राजस्थान कर दिया गया।
22 अक्टूबर 2025 को उन्हें बीकानेर सदर में पहली फील्ड पोस्टिंग मिली, जहां उन्होंने अपनी कार्यशैली से अलग पहचान बनाई। अब जयपुर में उनकी दूसरी पोस्टिंग होगी।
पहली पोस्टिंग में बनीं 'लेडी सिंघम'
जून 2026 में बीकानेर में बिजली कटौती के विरोध में हो रहे प्रदर्शन के दौरान अनुष्ठा कालिया ने कानून-व्यवस्था संभालते हुए प्रदर्शनकारियों और स्थानीय नेताओं के सामने बेहद सख्त रवैया अपनाया।
नेताओं के साथ उनकी तीखी बहस का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ। उनकी निडर कार्यशैली की लोगों ने जमकर सराहना की और तभी से उन्हें 'लेडी सिंघम' कहा जाने लगा।
पति भी हैं IPS अधिकारी
अनुष्ठा कालिया के पति IPS विशाल जांगिड़ भी 2022 बैच के अधिकारी हैं। उन्होंने यूपीएससी में ऑल इंडिया रैंक 173 हासिल की थी। दोनों पहले बीकानेर में तैनात थे, लेकिन हालिया तबादले के बाद विशाल जांगिड़ को प्रतापगढ़ का पुलिस अधीक्षक (SP) बनाया गया है, जबकि अनुष्ठा जयपुर में तैनात होंगी। दोनों की पोस्टिंग के बीच अब करीब 417 किलोमीटर की दूरी होगी।
जयपुर में नई चुनौती
राजधानी जयपुर राजस्थान का सबसे व्यस्त पुलिस कमिश्नरेट माना जाता है। ऐसे में अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था और प्रशासनिक प्रबंधन जैसी बड़ी जिम्मेदारियां अब अनुष्ठा कालिया के कंधों पर होंगी। उनकी सख्त और बेबाक छवि को देखते हुए उम्मीद की जा रही है कि वे राजधानी में भी प्रभावी पुलिसिंग का नया उदाहरण पेश करेंगी।
