5 दिन बंद रह सकते है बैंक ! अटक सकते हैं आपके कई काम, SBI और यूनियन बैंक ने जारी की एडवाइजरी

 | 
5 दिन बंद रह सकते है बैंक ! अटक सकते हैं आपके कई काम, SBI और यूनियन बैंक ने जारी की एडवाइजरी

Udaipur Times, New Delhi : यदि आपका बैंक से जुड़ा कोई जरूरी काम अटका हुआ है, तो आने वाले कुछ दिन आपके लिए बेहद महत्वपूर्ण हैं। बैंक यूनियनों ने 28 से 30 सितंबर, 2026 तक तीन दिवसीय राष्ट्रव्यापी हड़ताल का आह्वान किया है। इस बीच सप्ताहांत की छुट्टियों को मिलाकर बैंक लगातार पांच दिनों तक बंद रह सकते हैं, जिससे कामकाज प्रभावित हो सकता है।

SBI और यूनियन बैंक समेत कई बड़े बैंकों ने पहले ही अपने ग्राहकों को सचेत करते हुए एडवाइजरी जारी कर दी है। ग्राहकों के मन में सबसे बड़ा सवाल यह है कि हड़ताल से उन पर क्या प्रभाव पड़ेगा। आमतौर पर हड़ताल से पहले बैंक लेनदेन सामान्य बनाए रखने की तैयार करने का दावा करते हैं, लेकिन कुछ सेवाएं इससे प्रभावित जरूर होती हैं। शाखा से होने वाले नकद लेनदेन, चेक, NEFT सेवाओं पर असर दिखेगा।

इन सेवाओं में आ सकती है बाधा

जो ग्राहक अपने दैनिक कार्यों के लिए सीधे बैंक शाखाओं पर निर्भर रहते हैं, उन्हें कठिनाइयों का सामना करना पड़ सकता है। 

जिन सेवाओं के लिए भौतिक दस्तावेजों के सत्यापन, चेक प्रोसेसिंग या बैंक कर्मचारियों की मदद की जरूरत होती है, उनमें देरी हो सकती है। इसलिए बैंकों की सलाह है कि यदि आपको कोई ऐसा काम है जिसके लिए बैंक जाना जरूरी है, तो उसे हड़ताल शुरू होने से पहले ही निपटा लें।

EMI पर क्या असर

लोन की मासिक किस्त (EMI) या क्रेडिट कार्ड बिल के भुगतान में सीधे तौर पर कोई बाधा नहीं आएगी। ऋण की किस्तें और क्रेडिट कार्ड बिलों का भुगतान आम तौर पर ऑनलाइन बैंकिंग, मोबाइल बैंकिंग ऐप, यूपीआई, ई-वॉलेट और अन्य डिजिटल भुगतान चैनलों के माध्यम से किया जा सकता है, जो हड़ताल के दौरान भी उपलब्ध रहेंगे।

यदि कोई ग्राहक क्रेडिट कार्ड का बिल चुकाने के लिए बैंक शाखा में जाकर नकद भुगतान करना चाहता है, तो हड़ताल के कारण शाखाएं बंद होने से उन्हें परेशानी हो सकती है। इसलिए डिजिटल माध्यमों का प्रयोग करना ही सबसे सुरक्षित विकल्प है।

क्या ATM में नकदी मिलेगी

बैंकों का दावा है कि नकदी की जरूरत को पूरा करने के लिए ATM और ऑटोमेटेड डिपॉजिट एंड विड्रॉल मशीनें भी सुचारू रूप से चालू रहेंगी, लेकिन आम तौर पर ऐसा होता नहीं। दूर-दराज के इलाकों या छोटे शहरों में अक्सर ATM खाली हो जाते हैं या सुरक्षा कारणों से उन्हें बंद कर दिया जाता है।

बैंक यूनियनों की मुख्य मांगें

सप्ताह में केवल 5 दिन काम करने का नियम हो

पेंशन का आधुनिकीकरण और उसमें सुधार

सभी पेंशनभोगियों के लिए महंगाई भत्ते का एक समान फॉर्मूला

राष्ट्रीय पेंशन प्रणाली (एनपीएस) के अंतर्गत आने वाले कर्मचारियों को पुरानी पेंशन योजना (ओपीएस) में वापस लौटने का विकल्प देना

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News