बिना कोचिंग पहले प्रयास में बनी IPS अफसर, अब मिली 'लेडी सिंघम' के नाम से नई पहचान
Udaipur Times, IPS Preeti Chandra Success Story : संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की परीक्षा देश की सबसे कठिन और प्रतिष्ठित परीक्षाओं में गिनी जाती है। इस परीक्षा को पास करने के लिए देश के लाखों युवा सालों भर मेहनत करते हैं, लेकिन सफलता कुछ ही लोगों को मिल पाती है। ऐसी ही प्रेरणादायक कहानी हम आपके सामने पेश करने जा रहे हैं राजस्थान की आईपीएस अधिकारी प्रीति चंद्रा की, जिन्होंने बिना किसी कोचिंग के पहले ही प्रयास में UPSC परीक्षा पास कर IPS बनने का सपना पूरा किया।
राजस्थान के सीकर की रहने वाली हैं प्रीति चंद्रा
प्रीति चंद्रा राजस्थान के सीकर जिले की निवासी हैं। उनकी मां भले ही ज्यादा पढ़ी-लिखी नहीं थीं, लेकिन शिक्षा के महत्व को अच्छी तरह समझती थीं। उन्होंने अपनी बेटी की पढ़ाई पर विशेष ध्यान दिया और हमेशा आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। प्रीति ने अपनी स्कूली शिक्षा से लेकर उच्च शिक्षा तक की पढ़ाई राजस्थान में ही पूरी की। स्नातक के बाद उन्होंने एमफिल की डिग्री भी हासिल की।
पत्रकार बनना चाहती थीं प्रीति, मां ने सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी करने की दी सलाह
प्रीति चंद्रा का शुरुआती सपना पत्रकार बनने का था। पढ़ाई पूरी करने के बाद वह मीडिया के क्षेत्र में करियर बनाना चाहती थीं। हालांकि परिस्थितियां ऐसी बनीं कि उन्होंने शिक्षक के रूप में काम करना शुरू कर दिया। इसी दौरान उनकी मां ने उन्हें सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी करने की सलाह दी। मां की प्रेरणा से उन्होंने UPSC की तैयारी शुरू की और अपना लक्ष्य बदलकर प्रशासनिक सेवा में जाने का फैसला किया।
बिना किसी कोचिंग के पहले प्रयास में हासिल की सफलता
प्रीति चंद्रा की सफलता की सबसे खास बात यह है कि उन्होंने UPSC की तैयारी के लिए किसी कोचिंग संस्थान का सहारा नहीं लिया। उन्होंने सेल्फ स्टडी के दम पर परीक्षा की तैयारी की। उनकी मेहनत रंग लाई और वर्ष 2008 में उन्होंने पहले ही प्रयास में सिविल सेवा परीक्षा पास कर ली। चयन के बाद उन्हें भारतीय पुलिस सेवा (IPS) मिली।
पहली पोस्टिंग अलवर में हुई
आईपीएस बनने के बाद प्रीति चंद्रा की पहली नियुक्ति राजस्थान के अलवर जिले में हुई। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने कानून-व्यवस्था को मजबूत करने और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के लिए पहचान बनाई।
राजस्थान में 'लेडी सिंघम' के नाम से हुईं मशहूर
प्रीति चंद्रा को राजस्थान में 'लेडी सिंघम' के नाम से जाना जाता है। करौली जिले में तैनाती के दौरान उन्होंने कई कुख्यात अपराधियों के खिलाफ अभियान चलाया। उनके सख्त रवैये के कारण कई बदमाशों ने स्वयं पुलिस के सामने सरेंडर कर दिया था।
इसके अलावा बूंदी में तैनाती के दौरान उन्होंने देह व्यापार से जुड़े एक बड़े गिरोह का पर्दाफाश किया था। इस कार्रवाई में कई लड़कियों को मुक्त कराकर सुरक्षित उनके परिवारों तक पहुंचाया गया। उनके साहसिक और जनहित के कार्यों ने उन्हें जनता के बीच खास पहचान दिलाई।
