उदयपुर में शहरी सेवा शिविर से सैकड़ों शहरवासी विभिन्न योजनाओं से हुए लाभान्वित

 | 
Seva Shivir udaipur

 

Udaipur Times, Udaipur News: 20 जून 2026। नगर निगम के दीनदयाल उपाध्याय सभागार में आयोजित शहरी सेवा शिविर 2026 के छठे दिन सैकड़ों शहरवासियों ने पहुंचकर अपने लंबित एवं आवश्यक कार्य संपन्न करवाए तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त किया।

नगर निगम आयुक्त अभिषेक खन्ना ने बताया कि राज्य सरकार के निर्देशानुसार नागरिकों को नगर निगम से संबंधित सेवाएं एक ही स्थान पर त्वरित एवं सरलता से उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शहरी सेवा शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। शुक्रवार को आयोजित छठे शिविर में बड़ी संख्या में नागरिक पहुंचे तथा अपने विभिन्न कार्यों का निस्तारण करवाकर संतोष व्यक्त किया।

आयुक्त ने शहरवासियों से मांगा सहयोग

निगम आयुक्त अभिषेक खन्ना ने शहरवासियों से अपील करते हुए कहा कि यह शिविर शहर के प्रत्येक नागरिक के लिए आयोजित किया गया है। शिविर में नगर निगम से संबंधित किसी भी प्रकार के लंबित अथवा वंचित कार्य का समाधान करवाया जा सकता है। विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी शिविर में उपस्थित रहते हैं, जिससे प्रकरणों का त्वरित निस्तारण संभव हो पाता है। उन्होंने शिविर का लाभ प्राप्त कर चुके नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि वे अपने आसपास के लोगों को भी इसकी जानकारी दें, ताकि शहर का कोई भी पात्र व्यक्ति इस सुविधा से वंचित न रहे।

तीन निर्माण स्वीकृतियां जारी

शुक्रवार को आयोजित शिविर में तीन निर्माण स्वीकृतियां जारी की गईं। स्वीकृति प्राप्त होने पर आवेदकों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए त्वरित कार्यवाही के लिए नगर निगम एवं राज्य सरकार का आभार जताया।

122 स्थानों पर बहाल हुई रोशनी

शिविर के दौरान स्ट्रीट लाइटों से संबंधित 136 शिकायतें प्राप्त हुईं। आयुक्त अभिषेक खन्ना के निर्देश पर विद्युत शाखा ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 122 स्थानों पर रोशनी की व्यवस्था बहाल कर दी। शेष शिकायतों पर कार्यवाही प्रगति पर है। इससे लंबे समय से अंधेरे में रहने वाले क्षेत्रों के नागरिकों को राहत मिली है।

लंबे समय से लंबित कार्यों का हुआ निस्तारण

निगम आयुक्त अभिषेक खन्ना ने बताया कि शिविर में कई ऐसे प्रकरणों का निस्तारण किया गया जो लंबे समय से लंबित थे। नामांतरण के 5 प्रकरणों का निराकरण किया गया। सफाई व्यवस्था से संबंधित 47 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 25 शिकायतों का मौके पर ही समाधान कर दिया गया, जबकि शेष पर कार्यवाही जारी है।

इसके अतिरिक्त विवाह पंजीयन तथा जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र से संबंधित 196 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें दस्तावेज पूर्ण पाए जाने पर 160 आवेदकों को मौके पर ही प्रमाण पत्र जारी किए गए। वहीं महिला एवं बाल विकास विभाग से संबंधित लगभग 700 प्रकरणों का भी सफलतापूर्वक निस्तारण किया गया।

आयुक्त ने बताया कि शहरी सेवा शिविरों के माध्यम से नागरिकों को विभिन्न विभागों की सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जा रही हैं, जिससे आमजन को राहत मिलने के साथ-साथ प्रशासनिक कार्यों में भी गति आई है। नगर निगम का प्रयास है कि प्रत्येक पात्र नागरिक तक योजनाओं का लाभ पहुंचे और उसके लंबित कार्यों का समयबद्ध समाधान हो सके।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News