भारतीय किसान संघ ने भरी हुंकार,15 से किसानों की आक्रोश रैली
राजस्थान प्रदेश में किसानों की समस्याओं को लेकर सभी संगाग मुख्यालयों पर भारतीय किसान संघ 15 से आक्रोश रैली के साथ संभागीय आयुक्त कार्यालयों पर महापड़ाव करेगा। जब तक सरकार किसानों की समस्याओं के समाधान पर सकारात्मक कदम नहीं उठाती, तब तक यह आंदोलन जारी रहेगा।
राजस्थान प्रदेश में किसानों की समस्याओं को लेकर सभी संगाग मुख्यालयों पर भारतीय किसान संघ 15 से आक्रोश रैली के साथ संभागीय आयुक्त कार्यालयों पर महापड़ाव करेगा। जब तक सरकार किसानों की समस्याओं के समाधान पर सकारात्मक कदम नहीं उठाती, तब तक यह आंदोलन जारी रहेगा। भारतीय किसान संघ के चित्तौड़ प्रांत के प्रांत महामंत्री प्रवीण सिंह चौहान ने बुधवार को यहां किसान संघ कार्यालय बलराम भवन में आयोजित प्रेसवार्ता में यह ऐलान किया। उन्होंने बताया कि 18-19-20 मई को जयपुर के जामड़ोली में हुए राजस्थान के प्रदेश अधिवेशन में हजारों किसानों की उपस्थिति में सामूहिक निर्णय किया गया कि 15 जून को सभी संभागीय मुख्यालयों पर किसान आंदोलन शुरू करेंगे।
अधिवेशन में राज्य सरकार से विभिन्न मांगों को लेकर प्रस्ताव पारित किए गए। इन मांगों में किसानों की समस्याओं के समाधान के लिए विधानसभा का विशेष सत्र बुलाना, विद्युत नीति में किसान हित को ध्यान में रखते हुए बदलाव किया जाना, जीएम बीज (सरसों सहित) को प्रतिबंधित रखा जाना, हर खेत तक सिंचाई की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित किया जाना एवं कृषि उत्पाद का लागत के आधार पर लाभकारी मूल्य तय कर समर्थन मूल्यों पर सरकार द्वारा खरीद सुनिश्चित की जाना आदि शामिल हैं। चौहान ने बताया कि झालावाड़ जिले में मुआवजे को लेकर किसान आंदोलन किया गया था जिसके कारण मुख्यमंत्री के साथ मुआवजे व अन्य समस्याओं के समाधान के लिए वार्ता हुई थी जिसके पश्चात अलग-अलग मंत्रियों के साथ भी बैठकें हुईं और सहमतियां बनीं, लेकिन बजट में किसी भी समस्या का समाधान शामिल नहीं किया गया। इससे किसानों में सरकार के रवैये के प्रति आक्रोश है कि सहमति बनने के बावजूद किसी प्रकार की क्रियन्विति न होना किसानों के साथ सरासर धोखा है जिसके कारण किसानों में अंदर ही अंदर पीड़ा बढ़ रही है। चौहान ने बताया कि 15 जून को होने वाली आक्रोश रैली में उदयपुर संभाग के सभी जिलों से किसान शामिल होंगे। प्रदेश के हर संभाग मुख्यालय पर प्रदर्शन किया जाएगा। किसान तब तक महापड़ाव डालेंगे जब तक कि समस्याओं का स्थायी समाधान नहीं हो जाता। रैली टाउन हॉल से सुबह 11 बजे शुरू होकर विभिन्न मार्गों से होती हुई संभागीय आयुक्त कार्यालय पहुंचेगी। भारतीय किसान संघ के जिलाध्यक्ष परथालाल डांगी ने बताया कि सरकार के रवैये के प्रति किसानों में आक्रोश है। अन्न पैदा करने वाले के साथ इस तरह का व्यवहार उचित नहीं है। सरकार किसानों की समस्या पर ध्यान नहीं देगी तो आंदोलन अनवरत चलेगा।
