उदयपुर में भील प्रदेश विद्यार्थी मोर्चा का प्रदर्शन, शिक्षा मंत्री के इस्तीफे और वांगचुक की रिहाई की मांग
Udaipur Times, Bhil Pradesh Vidyarthi Morcha: जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर हुई पुलिस कार्रवाई के विरोध में आज भील प्रदेश विद्यार्थी मोर्चा ने उदयपुर जिला कलेक्ट्री पर जोरदार धरना-प्रदर्शन किया। मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्री के बाहर एकत्र होकर केंद्र सरकार और पुलिस प्रशासन के खिलाफ आक्रोश जाहिर किया। Bhil Pradesh Vidyarthi Morcha

प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि जंतर-मंतर पर अपनी मांगों को लेकर शांतिपूर्ण आंदोलन कर रहे छात्रों पर पुलिस ने बर्बरतापूर्वक लाठीचार्ज किया, जो पूरी तरह से असंवैधानिक और लोकतंत्र विरोधी है। Jantar Mantar Protest

प्रदर्शन के दौरान मोर्चा के सदस्यों ने जंतर-मंतर पर लाठीचार्ज में शामिल दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई करने की मांग की। इसके साथ ही छात्रों की सुरक्षा और उनकी समस्याओं के समाधान में पूरी तरह विफल रहने का आरोप लगाते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की भी पुरजोर मांग उठाई गई। Bhil Pradesh Vidyarthi Morcha

प्रदर्शनकारियों ने लद्दाख के प्रसिद्ध जलवायु कार्यकर्ता सोनम वांगचुक को तुरंत रिहा करने की बात भी कही। कलेक्ट्री परिसर में जमकर नारेबाजी करने के बाद मोर्चा के प्रतिनिधिमंडल ने अपनी मांगों को लेकर जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा और चेतावनी दी कि यदि दोषियों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई और सोनम वांगचुक को रिहा नहीं किया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। Jantar Mantar Protest
