हरियाणा में सफाई कर्मचारियों पर फिर बड़ा एक्शन ! 33 बर्खास्त, 8 निलंबित, देखें पूरी लिस्ट
Udaipur Times, Haryana News : हरियाणा से बड़ी खबर सामने आ रही है। हरियाणा में काम पर वापस न लौटने वाले सफाई कर्मचारियों पर सख्ती जारी है। मंगलवार को पानीपत नगर निगम में 11, कैथल 2 और झज्जर के बहादुरगढ़ नगर परिषद में 20 सफाई कर्मचारियों सहित 33 को बर्खास्त कर दिया। इनमें 4 महिला सफाई कर्मचारी शामिल हैं।
जानकारी के अनुसार पानीपत में 6 और हिसार में 2 नियमित कर्मचारी निलंबित भी किए गए हैं। फरीदाबाद में 47 और अंबाला में 150 अनुबंधित सफाई कर्मचारियों को बर्खास्तगी के नोटिस थमाए गए हैं। इनसे तीन दिन में जवाब मांगा गया है।
मिली जानकारी के मुताबिक प्रदेश के सफाई कर्मचारी 6 अगस्त से हड़ताल पर हैं। शहरी स्थानीय निकाय निदेशालय ने हरियाणा आवश्यक सेवा अनुरक्षण अधिनियम-1974 (एस्मा) के तहत कार्रवाई की चेतावनी देते हुए कर्मचारियों को 5 सितंबर तक काम पर लौटने के निर्देश दिए थे। निदेशालय के आदेश पर सफाई के कार्यों में दूसरे कर्मचारियों या निजी एजेंसी के कर्मचारियों को काम से रोकने और वाहनों को नुकसान पहुंचाने के आरोप में नामजद सफाई कर्मचारियों पर मंगलवार को लगातार दूसरे दिन कार्रवाई हुई।
सोमवार को 42 निकाय कर्मचारियों पर कार्रवाई की गई थी। दो दिनों में अभी तक 83 सफाई कर्मचारियों पर कार्रवाई हो चुकी है। इससे पहले 2022 में सफाई कर्मचारियों की 11 दिन हड़ताल चली थी। तब भी बड़ी संख्या में हरियाणा कौशल रोजगार निगम (एचकेआरएन) और अनुबंधित सफाई कर्मचारियों को बर्खास्त किया गया था।
झज्जर में 80 कर्मियों ने दी गिरफ्तारी
जानकारी के अनुसार शहर में कूड़ा उठान को लेकर सफाई कर्मी और जिला प्रशासन तीसरी बार आमने-सामने आ गए। रात साढ़े आठ बजे प्रशासन ने सीताराम गेट से कूड़ा उठवाना शुरू किया तो सफाई कर्मियों ने बुलडोज़र पर चढ़कर विरोध किया। बाद में भट्ठी गेट पर भी कर्मियों ने सफाई रुकवाने का प्रयास किया। करीब दो घंटे तक नारेबाजी के बाद रात 11 बजे करीब 80 कर्मियों ने गिरफ्तारी दी, उन्हें तीन बसों में शहर से दूर ले जाया गया।
8 नियमित कर्मियों को किया निलंबित
पानीपत में विनोद कुमार, राजन, जयवीर, चरण सिंह, बलवान, शमशेर व हिसार में बलजीत व विकेंद्र को निलंबित किया गया है।
इन अनुबंधित कर्मियों को किया बर्खास्त
पानीपत: जितेंद्र, अनिल, धर्मवीर, जोगिंद्र, सुरेंद्र, सन्नी, विजय, अजय, नरसी, कुलदीप और कर्मवीर।
बहादुरगढ़: राजेश, सुनील, संदीप, राजपाल, संदीप, अमित, सरोज, कुलदीप, सुभाष, दलबीर, धर्मवीर, सत्यवान, वजीर, मीना, सुषमा, प्रमिला, राकेश, लीलालालराम, अमित, राजेंद्र।
कैथल: संतोष व सतीश।
निजी एजेंसी नए कर्मचारियों को भर्ती करने की तैयारी में
मिली जानकारी के मुताबिक सभी 87 निकायों में 3 से 8 सितंबर तक 38091 स्थानों से करीब 16,187 टन कचरा उठवाया गया है। फरीदाबाद, गुरुग्राम के अलावा दूसरे शहरों में निजी एजेंसी नए कर्मचारियों को भर्ती करने की तैयारी कर रही है। जिन शहरों में निजी एजेंसियों ने अपने यहां कार्यरत कर्मचारियों को हटाया है वहां भी नए कर्मचारी लगाने की तैयारी की है।
काम पर लौटने का आह्वान
जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने मंगलवार को होडल में कहा कि सरकार ने सफाई कर्मचारियों की करीब 12 मांगों को स्वीकार कर लिया है। शेष मांगों पर भी सरकार की ओर से सहानुभूतिपूर्वक और गंभीरता से विचार किया जा रहा है। उन्होंने सफाई कर्मचारियों से अपील की कि वे जनहित को ध्यान में रखते हुए ड्यूटी पर लौट आएं।
700 सफाई कर्मियों को बर्खास्त करने के नोटिस
मिली जानकारी के मुताबिक हरियाणा नगर पालिका कर्मचारी संघ के राज्य प्रधान नरेश कुमार शास्त्री व महासचिव मांगे राम तिगरा ने कहा कि 100 से अधिक कर्मचारियों को जेल भेजा गया है। करीब 700 सफाई कर्मचारियों को नौकरी से बर्खास्त करने के आदेश जारी किए गए हैं।