हरियाणा में ACB टीम की बड़ी कार्रवाई, 25 हजार रुपये रिश्वत लेते गिरदावर को रंगे हाथ किया गिरफ्तार

 | 
हरियाणा में ACB टीम की बड़ी कार्रवाई, 25 हजार रुपये रिश्वत लेते गिरदावर को रंगे हाथ किया गिरफ्तार

Udaipur Times, Haryana news : रोहतक/सोनीपत, 8 सितंबर। राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो, रोहतक ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए राजेश गिरदावर (52), हलका तहसील राई, पुत्र श्री राम सिंह, निवासी मलिक कॉलोनी, सोनीपत को 25,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। इस संबंध में थाना राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो, रोहतक में FIR No. 27 दिनांक 08.09.2026, धारा 7 भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 के तहत मामला दर्ज किया गया है।

तकसीम, इंतकाल व कब्जा दिलवाने के बदले मांगे थे 25 हजार

ब्यूरो को दी गई शिकायत में शिकायतकर्ता ने बताया कि उसके चाचा की जमीन के संबंध में नायब तहसीलदार की अदालत से आदेश जारी हो चुके थे। जमीन की तकसीम सनद, इंतकाल तथा भूमि का कब्जा दिलवाने की कार्रवाई के संबंध में वह आरोपी राजेश गिरदावर से मिला। आरोप है कि गिरदावर ने उक्त कार्यों को करवाने में मदद करने की एवज में शिकायतकर्ता से 25,000 रुपये की अवैध रिश्वत की मांग की। शिकायतकर्ता रिश्वत नहीं देना चाहता था, जिसके बाद उसने मामले की शिकायत राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो को दी।शिकायत की पुष्टि के बाद ब्यूरो द्वारा नियमानुसार ट्रैप की कार्रवाई की गई। राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो, यूनिट सोनीपत की टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को 25,000 रुपये की रिश्वत राशि सहित रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।

भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस : डॉ. ए.एस. चावला

राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो, हरियाणा के निदेशक डॉ. ए.एस. चावला ने कहा कि भ्रष्टाचार के मामलों में ब्यूरो की जीरो टॉलरेंस की नीति है। भ्रष्टाचार में संलिप्त कोई भी अधिकारी या कर्मचारी कानून से ऊपर नहीं है और उसके खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने आमजन से अपील की कि यदि कोई सरकारी अधिकारी अथवा कर्मचारी सरकारी कार्य करने की एवज में रिश्वत की मांग करता है, तो इसकी सूचना तुरंत हरियाणा एंटी करप्शन ब्यूरो के टोल-फ्री नंबर 1800-180-2022 अथवा 1064 पर दें। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार के खिलाफ ब्यूरो का अभियान लगातार जारी रहेगा।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News