हरियाणा में ACB टीम की बड़ी कार्रवाई, 65 हजार की रिश्वत लेते कानूनगो को रंगे हाथ किया गिरफ्तार
Udaipur Times, Haryana news : हरियाणा राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (SV&ACB) ने भ्रष्टाचार के विरुद्ध अपनी सख्त कार्रवाई जारी रखते हुए भिवानी जिले के तोशाम तहसील में तैनात कानूनगो कुलदीप को ₹65 हजार की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।
क्या था मामला
प्राप्त जानकारी के अनुसार शिकायतकर्ता ने शिकायत दी थी कि उसकी जमीन की पैमाइश करने के एवज में कुलदीप, कानूनगो, तहसील तोशाम द्वारा ₹65,000 की रिश्वत की मांग की जा रही है। शिकायत की प्रारंभिक जांच में आरोप सही पाए जाने के बाद SV&ACB ने योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप की कार्रवाई की। एसवी एंड एसीबी यूनिट भिवानी की टीम ने आरोपी को शिकायतकर्ता से ₹65,000 की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
इस संबंध में आरोपी के विरुद्ध एफआईआर संख्या 23 दिनांक 03.07.2026 के तहत भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 की धारा 7 के अंतर्गत पुलिस थाना SV&ACB, हिसार में मामला दर्ज किया गया है। इस ट्रैप कार्रवाई के दौरान भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS), 2023 की धारा 105 के प्रावधानों का पूर्णतः पालन किया गया। मामले की आगे की जांच जारी है।
